गोरखपुर के सिकरीगंज क्षेत्र में बिजली विभाग के 55 वर्षीय ठेकेदार शिवकुमार की हत्या कर दी गई। आरोप है कि हमलावरों ने पहले गोली मारी और फिर करीब 500 मीटर तक पीछा कर धारदार हथियार से हमला किया।

गोरखपुर। सिकरीगंज क्षेत्र में शनिवार शाम बिजली विभाग के ठेकेदार शिवकुमार की हत्या कर दी गई। आरोप है कि रास्ते में हमलावरों ने उन्हें पहले गोली मारी और इसके बाद करीब 500 मीटर तक पीछा करते हुए धारदार हथियारों से हमला किया।

भट्ठे के पास हुई इस वारदात में शिवकुमार की मौके पर ही मौत हो गई। उनके गले पर चाकू के गहरे घाव मिले हैं, जबकि हाथ की अंगुलियां भी कटी हुई थीं। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा लग रहा है।

रास्ते में घेरा

सिकरीगंज के अहिरौली तिवारी गांव निवासी 55 वर्षीय शिवकुमार बिजली विभाग में ठेकेदारी करते थे। परिवार के मुताबिक, वह घर पर ही रहते थे।

शनिवार शाम करीब पांच बजे वह एक परिचित के घर जाने के लिए पैदल निकले थे। इसी दौरान रास्ते में हमलावरों ने उन्हें घेर लिया।

आरोप है कि हमलावरों ने पहले उन पर गोली चलाई। इसके बाद धारदार हथियारों से हमला शुरू कर दिया गया। जान बचाने के लिए शिवकुमार भागे, लेकिन हमलावर उनका पीछा करते रहे।

500 मीटर तक खून के निशान

घटना के बाद करीब 500 मीटर के रास्ते में खून के छींटे मिले हैं। शिवकुमार के शरीर पर धारदार हथियार से किए गए करीब 20 वार के निशान मिले।

हत्या की जानकारी मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस फोर्स तैनात की गई है।

परिजनों ने लगाए आरोप

शिवकुमार के पुत्र आदित्य त्रिपाठी गोरखपुर सिविल कोर्ट में अधिवक्ता हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद वह भी मौके के लिए रवाना हुए।

परिवार का गोरखपुर शहर में महाराणा प्रताप पॉलिटेक्निक के पास गांधीनगर मोहल्ले में आवास है। परिजन गांव के ही कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं।

परिजनों का कहना है कि हत्या सुनियोजित तरीके से की गई है। वहीं, सिकरीगंज थाना पुलिस के मुताबिक वारदात के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आई है।

आरोपितों की तलाश

एसपी दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी ने बताया कि आरोपितों की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पुलिस मामले की जांच के साथ आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।