गोरखपुर में पशु चिकित्सक डा. परमात्मा सिंह ने गुरुवार सुबह अपार्टमेंट की आठवीं मंजिल से कूदकर जान दे दी. पुलिस को मिले सुसाइड नोट में जालसाजी की आरोपित गरिमा सिंह का नाम लिखा मिला है.

गोरखपुर. गोरखनाथ क्षेत्र के बसंत इंक्लेव अपार्टमेंट में गुरुवार सुबह पशु चिकित्सक डा. परमात्मा सिंह ने आठवीं मंजिल से कूदकर जान दे दी. परिजन उन्हें खून से लथपथ हालत में पास के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया.

पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला है. इसमें जेल भेजी जा चुकी जालसाजी की आरोपित गरिमा सिंह का नाम लिखा है. डा. परमात्मा सिंह ने आठ दिन पहले एम्स थाने में गरिमा सिंह और उसके गिरोह के खिलाफ 1.40 करोड़ रुपये की ठगी का मुकदमा दर्ज कराया था.

मऊ के रहने वाले थे

पुलिस के मुताबिक, डा. परमात्मा सिंह मूल रूप से मऊ के मोहम्मदाबाद क्षेत्र के बरबोझी के रहने वाले थे. वह वर्तमान में गोरखनाथ के बसंत इंक्लेव के बी-213 ब्लॉक में परिवार के साथ रहते थे.

डा. परमात्मा सिंह पेशे से पशु चिकित्सक थे और मौजूदा समय में महराजगंज जिले के एक ब्लॉक में तैनात थे.

1.40 करोड़ की ठगी

डा. परमात्मा सिंह ने पांच अगस्त को एम्स थाने में गरिमा सिंह और उसके गिरोह के खिलाफ 1.40 करोड़ रुपये की ठगी का मुकदमा दर्ज कराया था. इस मामले में गरिमा सिंह के अलावा उसके सेवानिवृत्त रेलकर्मी पिता, शिक्षक पति समेत अन्य लोगों को आरोपित बनाया गया है.

पुलिस गरिमा सिंह और उसके पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है. इस गिरोह के खिलाफ अब तक एम्स थाने में तीन और सहजनवा थाने में एक मुकदमा दर्ज है. पुलिस छह मामलों की जांच कर रही है.

सुसाइड नोट की जांच

सीओ गोरखनाथ रवि कुमार सिंह ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 9:40 बजे डायल 112 पर सूचना मिली कि डा. परमात्मा सिंह ने अपार्टमेंट की आठवीं मंजिल से छलांग लगा दी है. कमरे की तलाशी के दौरान सुसाइड नोट मिला, जिसमें गरिमा सिंह का नाम लिखा है.

पुलिस सुसाइड नोट और 1.40 करोड़ रुपये की ठगी के मुकदमे से जुड़े तथ्यों को भी जांच में शामिल कर रही है. मामले की जांच जारी है.