गोरखपुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन कर करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं. उन्होंने जमीन कब्जे की शिकायतों पर सख्त कार्रवाई और गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए.
गोरखपुर. प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन किया. बारिश के चलते लोगों की सुविधा के लिए जनता दर्शन मंदिर परिसर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन सभागार में आयोजित किया गया, जहां मुख्यमंत्री ने करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं.
दूरदराज से आए फरियादियों से मुख्यमंत्री ने उनकी शिकायतों के बारे में जानकारी ली और सभी को समस्या के समाधान का भरोसा दिया. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक पीड़ित की समस्या को संवेदनशीलता के साथ सुनकर उसका समयबद्ध और पारदर्शी निस्तारण कराया जाए.
जमीन कब्जे पर सख्ती
जनता दर्शन में कुछ महिलाओं ने जमीन पर जबरन कब्जे की शिकायत मुख्यमंत्री के सामने रखी. इस पर योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों से कहा कि यदि किसी दबंग ने गरीब की जमीन पर अवैध या जबरन कब्जा किया है, तो जमीन को कब्जामुक्त कराया जाए और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए.

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के समाधान में किसी तरह की लापरवाही न हो. पीड़ितों को उनकी समस्या के समाधान का भरोसा भी दिलाया गया.
इलाज के लिए मदद
जनता दर्शन में गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने वाले लोग भी पहुंचे. मुख्यमंत्री ने ऐसे मामलों में अधिकारियों को अस्पताल से इलाज का इस्टीमेट तैयार कराने और संबंधित प्रक्रिया जल्द पूरी कर शासन को भेजने के निर्देश दिए.
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से इलाज के लिए जरूरत के मुताबिक पर्याप्त राशि उपलब्ध कराई जाएगी. इस दौरान अधिकारियों को फरियादियों की समस्याओं के शीघ्र समाधान पर विशेष ध्यान देने को कहा गया.


