गोरखपुर के शाहपुर स्थित फाइनेंस कंपनी के कार्यालय में शनिवार रात 20 वर्षीय निंकी का शव फंदे से लटका मिला. परिजनों ने सूरज यादव पर हत्या का आरोप लगाते हुए रविवार सुबह प्रदर्शन किया.
गोरखपुर. जिले में शाहपुर क्षेत्र की ईस्टर्नपुर कॉलोनी स्थित एक फाइनेंस कंपनी के कार्यालय में शनिवार रात 20 वर्षीय युवती निंकी का शव फंदे से लटका मिला. घटना की जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर बीआरडी मेडिकल कॉलेज की मॉर्च्युरी भिजवा दिया. युवती के परिजनों ने इसे हत्या बताते हुए सूरज यादव पर आरोप लगाया है.
घर नहीं लौटी थी निंकी
निंकी शाहपुर के ईस्टर्नपुर भरटोलिया की रहने वाली थी. उसके पिता राजमन वेल्डिंग का काम करते हैं, जबकि मां विमला एक परिषदीय विद्यालय में रसोइया हैं. चार बहनों में सबसे छोटी निंकी का एक भाई भी है, जो वाहन सर्विसिंग का काम करता है.
परिजनों के मुताबिक, शनिवार रात निंकी घर नहीं पहुंची तो उसकी मां विमला तलाश में निकल पड़ीं. रात करीब 9:42 बजे वह ईस्टर्नपुर स्थित फाइनेंस कंपनी के कार्यालय पहुंचीं. वहां बाहर बेटी की चप्पल और स्कूटी रखी हुई थी, जबकि कार्यालय का शटर खुला था.
मां ने देखा शव
विमला ने शटर उठाकर अंदर देखा तो निंकी का शव फंदे से लटका हुआ था. बेटी की हालत देखकर वह चीख पड़ीं. इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई और पुलिस टीम मौके पर पहुंची.
परिजनों ने किया प्रदर्शन
परिजनों का कहना है कि कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे बंद थे. इस वजह से घटना के समय वहां कौन मौजूद था और निंकी किन परिस्थितियों में कार्यालय पहुंची, इसे लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं.
रविवार सुबह घटना की जानकारी फैलने के बाद परिवार के सदस्यों और स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ कार्यालय के बाहर जमा हो गई. मां विमला, पिता राजमन और बहनों ने सूरज यादव पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और प्रदर्शन किया. ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने के साथ आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
बेटी को खोने के बाद मां विमला का रो-रोकर बुरा हाल था. इस बीच पुलिस परिजनों को समझाने के साथ घटनाक्रम से जुड़ी जानकारी जुटाती रही.
सीओ गोरखनाथ रवि कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल युवती की मौत की वजह स्पष्ट नहीं है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति साफ हो सकेगी.

