सतीश सिंह, लखनऊ. उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी टीईटी)-2026 के आयोजन को देखते हुए राज्य सरकार ने 4 जुलाई को प्रस्तावित संपूर्ण समाधान दिवस की तिथि में बदलाव कर दिया है. अब संपूर्ण समाधान दिवस 4 जुलाई (शनिवार) के स्थान पर 6 जुलाई (सोमवार) को आयोजित किया जाएगा. इस संबंध में उत्तर प्रदेश शासन की ओर से सचिव सुधा वर्मा द्वारा आदेश जारी कर सभी अपर मुख्य सचिवों, प्रमुख सचिवों, पुलिस महानिदेशक, मंडलायुक्तों, विभागाध्यक्षों और जिलाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं.

जारी आदेश के अनुसार, उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा 2, 3 और 4 जुलाई 2026 को उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी टीईटी)-2026 प्रस्तावित है. दूसरी ओर, शासन के पूर्व आदेशों के मुताबिक हर महीने के प्रथम और तृतीय शनिवार को तहसील मुख्यालयों पर संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया जाता है. शासन का कहना है कि यूपी टीईटी जैसी बड़ी परीक्षा के आयोजन के कारण 4 जुलाई को संपूर्ण समाधान दिवस का सुचारु संचालन संभव नहीं होगा. इसी को ध्यान में रखते हुए व्यापक विचार-विमर्श के बाद यह निर्णय लिया गया है कि 4 जुलाई को प्रस्तावित संपूर्ण समाधान दिवस को स्थगित कर 6 जुलाई, सोमवार को आयोजित किया जाए.

यथावत होंगे आयोजन

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि संपूर्ण समाधान दिवस के आयोजन के दौरान पूर्व में जारी दिशा-निर्देशों का पालन यथावत किया जाएगा. साथ ही सूचना विभाग, मंडलायुक्तों और जिलाधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि इस बदलाव की जानकारी मीडिया और अन्य माध्यमों से व्यापक स्तर पर जनसामान्य तक पहुंचाई जाए, ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े.