सोनीपत: राजकीय बहुतकनीकी संस्थान सोनीपत में 25 सितंबर को सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में संस्थान के लगभग 50 विद्यार्थियों ने हिस्सा लेकर अपनी कला, विचारों और रचनात्मकता के जरिए विकसित एवं समृद्ध भारत की परिकल्पना पेश की।

चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता के विजेताओं की सूची

चित्रकला प्रतियोगिता में मैकेनिकल विभाग की शीतल ने पहला स्थान हासिल किया। मैकेनिकल के ही यशपाल और हिमांशी ने संयुक्त रूप से दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि एफएए विभाग की मुस्कान तीसरे स्थान पर रहीं। वहीं भाषण प्रतियोगिता में कंप्यूटर विभाग के तुषार और ऑटोमोबाइल विभाग की अनुराधा ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान पाया। भाषण में केमिकल विभाग की गीता दूसरे और कंप्यूटर विभाग के पारस झा तीसरे स्थान पर रहे।

युवाओं की सोच देश के विकास में अहम: प्राचार्य

प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने शिक्षा, स्वच्छता, आत्मनिर्भरता, युवा शक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी जैसे मुद्दों पर विचार रखे। संस्थान के प्राचार्य प्रवेश सांगवान ने सभी विजेताओं और प्रतिभागियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसे विषय युवाओं को राष्ट्र निर्माण और अपनी जिम्मेदारियों को समझने का अवसर देते हैं। युवाओं की सकारात्मक सोच और सक्रिय भागीदारी से देश के विकास को नई दिशा मिल सकती है।

निर्णायक मंडल ने किया मूल्यांकन

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों के मूल्यांकन के लिए एक निर्णायक मंडल का गठन किया गया था। इसमें विभागाध्यक्ष सुनील कुमार, वरिष्ठ प्रवक्ता वीरेंद्र श्योराण और कुलदीप गहलोत समेत अन्य सदस्य शामिल रहे। निर्णायक मंडल ने सभी प्रतिभागियों के प्रदर्शन की समीक्षा की और उनका उत्साहवर्धन किया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m