सुरेश पांडेय, सिंगरौली। औद्योगिक संपन्नता के लिए पहचाने जाने वाले सिंगरौली में अब शहर के बीचों-बीच स्थित सरकारी आवास भी सुरक्षित नजर नहीं आ रहे हैं। सिंचाई विभाग की कॉलोनी में एक ही दिन दो सरकारी आवासों में चोरी की घटनाओं ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हैरानी की बात यह है कि एक वारदात में घर के अंदर महिला कर्मचारी मौजूद थी, जबकि दूसरी घटना कोतवाली से महज 20 कदम दूर मुख्य सड़क के किनारे हुई।

पहली घटना: घर में मौजूद महिला के सामने घुसा चोर

18 अक्टूबर की सुबह करीब 7 बजे खनिज विभाग में कार्यरत महिला क्लर्क के सरकारी आवास का ताला तोड़कर चोर अंदर घुस गया। उस समय महिला के पति टहलने के लिए बाहर गए थे और उन्होंने बाहर से ताला बंद कर दिया था। सीसीटीवी फुटेज में चोर को आसानी से ताला तोड़कर घर में प्रवेश करते देखा जा सकता है। सामान खंगालते समय उसकी नजर घर में मौजूद महिला पर पड़ी। महिला ने विरोध किया तो वह उसकी ओर बढ़ा, लेकिन महिला ने खुद को बेडरूम में बंद कर पड़ोसियों को फोन किया। इस तरह उन्होंने अपनी जान बचाई। इसके बाद चोर मौके से फरार हो गया।

दूसरी घटना: कोतवाली के करीब लाखों के जेवरात पार

इसी कॉलोनी में जिला न्यायालय में कार्यरत एक महिला कर्मचारी के आवास को भी चोरों ने निशाना बनाया। पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए महिला अपने गांव गई हुई थी। 18 अक्टूबर रात करीब 10 बजे चोरों ने घर का ताला और दरवाजा तोड़कर अलमारी में रखे लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटनास्थल मुख्य सड़क और बस स्टैंड के पास है, जबकि कोतवाली थाना भी महज 20 कदम दूर बताया जा रहा है।

दोनों मामलों में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, अब तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। शहर के व्यस्त इलाके और थाने के इतने करीब हुई वारदातें पुलिस गश्त, निगरानी और अपराधियों के मन में कानून के डर को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। अब देखना होगा कि पुलिस आरोपियों को कब तक गिरफ्तार कर चोरी का खुलासा करती है और सरकारी आवासों में रहने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए क्या कदम उठाती है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m