दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने राजधानी के राजकीय बालिका सीनियर माध्यमिक विद्यालय में छात्राओं के लिए आधुनिक शिक्षा और बेहतर बुनियादी सुविधाओं की सौगात दी। लाडली फाउंडेशन द्वारा हनीवेल टेक्नोलॉजी के कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) सहयोग से संचालित ‘सक्षम’ कार्यक्रम के तहत कई अत्याधुनिक सुविधाओं का उद्घाटन किया गया। मुख्यमंत्री ने स्कूल में AI इंटीग्रेटेड स्मार्ट स्कूल टॉयलेट, STEM इनोवेशन लैब, आधुनिक कंप्यूटर लैब, स्मार्ट डिजिटल क्लासरूम और छात्राओं के स्वास्थ्य एवं जागरूकता से जुड़े विशेष कार्यक्रमों का शुभारंभ
इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने और आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक माहौल, डिजिटल संसाधन और सुरक्षित सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है, ताकि वे आत्मविश्वास के साथ विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ सकें। ‘सक्षम’ कार्यक्रम के तहत स्थापित STEM इनोवेशन लैब छात्राओं में विज्ञान, तकनीक, इंजीनियरिंग और गणित के प्रति रुचि विकसित करने में मदद करेगी, जबकि स्मार्ट डिजिटल क्लासरूम और आधुनिक कंप्यूटर लैब उन्हें डिजिटल लर्निंग के नए अवसर उपलब्ध कराएंगे। वहीं, AI इंटीग्रेटेड स्मार्ट स्कूल टॉयलेट और स्वास्थ्य-जागरूकता कार्यक्रम स्कूल परिसर में स्वच्छता, सुरक्षा और स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं को और मजबूत करेंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि नए भारत की मजबूत नींव आधुनिक, वैज्ञानिक और तकनीक आधारित शिक्षा से ही तैयार होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में नई शिक्षा नीति, डिजिटल शिक्षा, कौशल विकास, विज्ञान और इनोवेशन को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार भी इसी सोच और दृष्टि के अनुरूप सरकारी विद्यालयों में आधुनिक अधोसंरचना विकसित कर रही है, ताकि प्रत्येक विद्यार्थी को गुणवत्तापूर्ण, तकनीक आधारित और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप शिक्षा उपलब्ध कराई जा सके।
AI इंटीग्रेटेड स्मार्ट स्कूल टॉयलेट का शुभारंभ
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विद्यालय परिसर में स्थापित AI इंटीग्रेटेड स्मार्ट स्कूल टॉयलेट का उद्घाटन किया। छात्राओं की सुरक्षा, स्वच्छता, स्वास्थ्य और गरिमा को ध्यान में रखकर विकसित की गई इस अत्याधुनिक सुविधा में आधुनिक तकनीक का उपयोग किया गया है। स्मार्ट टॉयलेट में सेंसर आधारित निगरानी प्रणाली, स्वच्छता मॉनिटरिंग, जल संरक्षण और बेहतर रखरखाव जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य छात्राओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि वे बिना किसी असुविधा के अपनी पढ़ाई जारी रख सकें। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बालिकाओं की शिक्षा और स्वास्थ्य एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में बेहतर स्वच्छता सुविधाएं उपलब्ध होने से छात्राओं की नियमित उपस्थिति बढ़ती है और वे अधिक आत्मविश्वास के साथ शिक्षा प्राप्त कर पाती हैं।
STEM इनोवेशन लैब से छात्राओं को मिलेगा तकनीकी प्रशिक्षण
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विद्यालय में स्थापित अत्याधुनिक STEM (साइंस, टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग और मैथमेटिक्स) इनोवेशन लैब का भी उद्घाटन किया। इस लैब में छात्राओं को रोबोटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), कोडिंग, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT), स्पेस साइंस, इलेक्ट्रॉनिक्स, डिजाइन थिंकिंग और इनोवेशन आधारित प्रैक्टिकल लर्निंग का प्रशिक्षण दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि STEM लैब का उद्देश्य छात्राओं में वैज्ञानिक सोच, समस्या समाधान की क्षमता, रचनात्मकता और नवाचार की भावना विकसित करना है, ताकि वे भविष्य की तकनीकी चुनौतियों के लिए तैयार हो सकें। इसके साथ ही स्मार्ट डिजिटल क्लासरूम और आधुनिक कंप्यूटर लैब के माध्यम से विद्यार्थियों को डिजिटल कंटेंट, स्मार्ट बोर्ड, इंटरैक्टिव शिक्षण सामग्री, कंप्यूटर आधारित प्रशिक्षण और आधुनिक शिक्षण पद्धतियों का लाभ मिलेगा।
3,000 छात्राओं के लिए शुरू हुआ स्वास्थ्य कार्यक्रम
‘सक्षम’ कार्यक्रम के तहत लगभग 3,000 छात्राओं के लिए एक व्यापक स्वास्थ्य एवं जागरूकता अभियान भी शुरू किया गया। इस पहल के अंतर्गत छात्राओं का नियमित मेडिकल चेकअप, आई स्क्रीनिंग, जरूरतमंद छात्राओं को निःशुल्क चश्मों का वितरण, डिवार्मिंग अभियान और मासिक धर्म स्वच्छता (Menstrual Hygiene) जागरूकता सत्र आयोजित किए जाएंगे।
स्पेस साइंस सीखेंगी छात्राएं, अमेरिका में मिलेगा प्रशिक्षण
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कार्यक्रम के दौरान STEM इनोवेशन लैब में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली पांच प्रतिभाशाली छात्राओं को अमेरिका के अलबामा राज्य स्थित United States Space & Rocket Center (यूएसएसआरसी) में आयोजित प्रतिष्ठित स्पेस साइंस कार्यक्रम के लिए चयनित होने पर बधाई दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने चयनित छात्राओं को अमेरिका की हवाई यात्रा के टिकट भी प्रदान किए। उन्होंने कहा कि यह दिल्ली की बेटियों के लिए गर्व का क्षण है और अब वे वैश्विक मंच पर विज्ञान, तकनीक और अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। रेखा गुप्ता ने कहा कि इस तरह के अवसर छात्राओं के आत्मविश्वास को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे और उन्हें विश्वस्तरीय वैज्ञानिक संस्थानों में सीखने का अनुभव मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इन छात्राओं की उपलब्धि हजारों अन्य बेटियों को भी विज्ञान, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
शालीमार बाग में बिजली ढांचे के आधुनिकीकरण की शुरुआत
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कार्यक्रम के दौरान शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र में बिजली ढांचे के आधुनिकीकरण के लिए विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने Tata Power Delhi Distribution Limited (टीपीडीडीएल) की उस परियोजना की शुरुआत की, जिसके तहत क्षेत्र में वर्षों से संचालित खुली बिजली की तारों को सुरक्षित इंसुलेटेड (एबी) केबलों और भूमिगत विद्युत लाइनों में बदला जाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि परियोजना के तहत 33 केवी और 11 केवी की ओवरहेड बिजली लाइनों का चरणबद्ध तरीके से भूमिगतकरण किया जाएगा तथा जहां आवश्यक होगा, वहां उन्हें इंसुलेटेड एरियल बंच (एबी) केबलों में परिवर्तित किया जाएगा। इससे बिजली आपूर्ति अधिक सुरक्षित, विश्वसनीय और निर्बाध बनेगी, साथ ही दुर्घटनाओं और तकनीकी खराबियों की संभावना भी कम होगी। उन्होंने बताया कि पहले चरण में क्लब रोड, भगवान महावीर मार्ग, स्वामी श्रद्धानंद सरस्वती मार्ग (केला गोदाम रोड), शहीद ऊधम सिंह मार्ग, के.एल. बग्गा मार्ग और महर्षि दयानंद मार्ग (एएल मार्केट रोड) सहित कई प्रमुख सड़कों पर कार्य शुरू किया जा रहा है।
137 इलेक्ट्रिक वेस्ट कलेक्शन वाहनों को दिखाई हरी झंडी
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कार्यक्रम के दौरान स्वच्छ, हरित और प्रदूषण मुक्त दिल्ली के लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नगर निगम के 137 अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक प्राइमरी वेस्ट कलेक्शन टिपर वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन इलेक्ट्रिक कचरा संग्रहण वाहनों की तैनाती से घर-घर कचरा उठाने की व्यवस्था अधिक प्रभावी, तेज और पर्यावरण अनुकूल बनेगी। उन्होंने बताया कि वाहनों का वितरण विभिन्न जोनों में किया गया है, जिसमें केशवपुरम जोन में 37, रोहिणी जोन में 46, नरेला जोन में 24 और सिविल लाइंस जोन में 30 वाहन तैनात किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग से कार्बन उत्सर्जन कम होगा, ध्वनि प्रदूषण में भी कमी आएगी और स्वच्छता सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा। साथ ही नागरिकों को समयबद्ध और बेहतर डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण सुविधा उपलब्ध कराई जा सकेगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

