देश में लगातार बढ़ रही चीनी की कीमतों को लेकर सरकार ने बड़ा स्पष्टीकरण दिया है। सरकार ने उन दावों को खारिज कर दिया है, जिनमें चीनी से एथेनॉल उत्पादन को कीमतों में तेजी की मुख्य वजह बताया जा रहा था। खाद्य एवं उपभोक्ता मंत्रालय के मुताबिक, चीनी की कीमतों में बढ़ोतरी के पीछे कम उत्पादन, त्योहारी मांग और जमाखोरी प्रमुख कारण हैं।

एथेनॉल के लिए चीनी का इस्तेमाल घटा

मंत्रालय ने बताया कि पेट्रोल में मिलाने के लिए चीनी से एथेनॉल बनाने का हिस्सा लगातार कम हुआ है। 2022-23 सीजन में एथेनॉल उत्पादन में चीनी का योगदान करीब 12% था, जो 2025-26 में घटकर लगभग 9% रह गया। वहीं, देश के कुल एथेनॉल उत्पादन में करीब 75% हिस्सा अनाज, खासकर मक्के से आता है।

चीनी मिलों और किसानों को मिला फायदा

भारत में हर साल करीब 32-34 मिलियन टन चीनी का उत्पादन होता है, जबकि घरेलू खपत लगभग 28-29 मिलियन टन है। अतिरिक्त चीनी के कारण पहले मिलों की पूंजी फंस जाती थी और किसानों का भुगतान प्रभावित होता था।

एथेनॉल उत्पादन में अतिरिक्त चीनी और गन्ने के इस्तेमाल से मिलों की नकदी स्थिति बेहतर हुई है। सरकार के अनुसार, 20 अगस्त 2026 तक इस सीजन का 97% गन्ना भुगतान किया जा चुका है।

चीनी की कीमत में ₹7.50 प्रति किलो की बढ़ोतरी

देश में चीनी का खुदरा भाव 20 जुलाई के ₹48.18 प्रति किलो से बढ़कर 20 अगस्त को ₹55.70 प्रति किलो हो गया। यानी एक महीने में करीब ₹7.50 प्रति किलो की तेजी दर्ज हुई।

वैश्विक बाजार में भी सप्लाई की कमी का असर दिख रहा है। 30 जून से 20 अगस्त के बीच अंतरराष्ट्रीय चीनी कीमत 474 डॉलर से बढ़कर 552 डॉलर प्रति टन हो गई, यानी 16% से अधिक की वृद्धि।

सरकार ने उठाए कई बड़े कदम

कीमतों पर नियंत्रण के लिए सरकार ने ड्यूटी-फ्री आयात, निर्यात पर 30 सितंबर 2026 तक रोक और व्यापारियों के लिए स्टॉक लिमिट जैसे कदम उठाए हैं। 10 मीट्रिक टन से अधिक मासिक कारोबार करने वाले डीलरों को 15 दिनों से ज्यादा की खपत का स्टॉक रखने की अनुमति नहीं है।

15 अक्टूबर से शुरू होगी गन्ने की पेराई

त्योहारी सीजन में चीनी की उपलब्धता बढ़ाने के लिए मिलों को 15 अक्टूबर से गन्ने की पेराई शुरू करने की सलाह दी गई है। इससे अक्टूबर में चीनी उत्पादन 10 लाख टन से अधिक रहने का अनुमान है। सरकार को उम्मीद है कि अतिरिक्त आपूर्ति से बाजार में कीमतों पर दबाव कम होगा और त्योहारों के दौरान चीनी की किल्लत नहीं होगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m