KTUJM : रायपुर. राज्यपाल रमेन डेका ने आज कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय में अकादमिक गुणवत्ता, विकास और विद्यार्थियों के शैक्षणिक उन्नयन पर जोर दिया. राज्यपाल ने एआई एवं मीडिया शोध केंद्र और नवपरिवर्तित सावित्रीबाई फुले कन्या छात्रावास का शुभारंभ भी किया. साथ ही विश्वविद्यालय के प्रेरणास्रोत स्वर्गीय कुशाभाऊ ठाकरे की प्रतिमा पर श्रद्धा-सुमन अर्पित कर उनके साथ बिताए अनुभव और प्रेरणादायी प्रसंग साझा किए.
राज्यपाल डेका ने कहा कि नारी शिक्षा, उत्थान और सशक्तिकरण के लिए अनुकरणीय सावित्री बाई फुले की स्मृति में कन्या छात्रावास का नामकरण किया गया है. इस सुविधाओं से छत्तीसगढ़ के सुदूर अंचल की छात्राओं को मीडिया शिक्षा में सहायता और सफलता मिलेगी.
सूचना-संचार टेक्नॉलाजी क्रांति के दौर में मीडिया रिसर्च के क्षेत्र में आधुनिक प्रविधियों के उन्नयन और प्रोत्साहन के लिए मधुकर खेर मल्टीमीडिया भवन में अवस्थित एआई और मीडिया रिसर्च केंद्र का मान. राज्यपाल के कर कमलों से शुभारंभ किया. सूचना प्रौद्योगिकी विभागाध्यक्ष, एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. शैलेन्द्र खण्डेलवाल ने राज्यपाल महोदय को एआई केंद्र की अकादमिक एवं शोध गतिविधियों की जानकारी दी.
विश्वविद्यालय के कॉन्फ्रेंस सभा कक्ष में राज्यपाल का स्वागत करते हुए कुलपति प्रो डॉ मनोज दयाल ने कहा कि विगत अकादमी सत्र की तुलना में इस वर्ष एडमिशन संख्या में 50 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जो मात्र एक संख्या नहीं लोगों का विश्वास है. कुलपति ने कहा कि हमने एक मंत्र पर काम किया है- “ट्रांसफॉर्मेशन विदाउट ट्रांजैक्शन” अर्थात् न्यूनतम संसाधन में अधिकतम परिवर्तन. हमारी विश्वविद्यालय बहुत छोटी है, परन्तु हम “लघुता में भव्यता” के सूत्र पर कार्यरत हैं. हमारे तीन संकल्प हैं- हर छात्र हुनरमंद होगा, हर छात्र संस्कारयुक्त होगा और यहां कि हर गतिविधि में “राष्ट्र प्रथम” होगा.
मीडिया विद्यार्थियों और शिक्षकों से संवाद में राज्यपाल डेका ने कहा कि पत्रकारिता के छात्र होने के नाते सत्य को उद्घाटित करने की जिम्मेदारी समाज ने आपके कंधों में सौंपी है. मीडिया शिक्षा में आपको पत्रकारिता को प्रभावित करने वाली शक्तियों, टीआरपी, विज्ञापन के दबाव सहित स्लीप ऑप टंग्स इत्यादि से होने वाली छोटी-बड़ी गलतियों पर ध्यान से अध्ययन करना चाहिए. विद्यार्थियों को भविष्य की अपनी प्रोफेशनल्स लाइफ में आने वाली चुनौतियों से भी बहादुरी से सामना करना है. सोशल मीडिया द्वारा अगंभीर और अपुष्ट नकारात्मक खबरों से सामना करना भी आपकी जवाबदेही है. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, एआई और सोशल मीडिया के आधुनिक दौर में भी प्रिंट मीडिया आज भी विश्वसनीय माध्यम समाज में बना हुआ है.
राज्यपाल डेका जी ने छात्रों से कहा कि समाज में सभी ओर कुछ न कुछ मूल्यों और प्रतिमानों में कमी आ रही है. ऐसे समय में पत्रकारिता और मीडिया में फ्रीडम ऑफ स्पीच के मानकों पर ध्यान देना मीडिया विद्यार्थियों के लिए आवश्यक है. एक ब्रिलिएंट और शार्प स्टूडेंट के रूप में आप सेल्फ सेंसर का भी प्रयोग कर सकते हैं.
छत्तीसगढ़ में 1900 ई. में पं माधवराव सप्रे ने छत्तीसगढ़ मित्र का प्रकाशन किया था. आज का युग मीडिया का है, आप इस चुनौतीपूर्ण प्रोफेशन में आए है तो जनता-समाज के सत्य को सामने लाना आपका लक्ष्य होना चाहिए.
राज्यपाल ने असम के एक पत्रकार का उदाहरण देते हुए कहा कि आप भी समाज के अनसंग हीरोज की कहानियों प्रकाशित करें. राज्यपाल को कुलपति मनोज दयाल ने स्मृति चिन्ह भेंट की. कार्यक्रम का संचालन डॉ. आशुतोष मंडावी विभागाध्यक्ष प्रबंधन और आभार प्रदर्शन सुनील कुमार शर्मा कुलसचिव ने किया.
इस अवसर पर लोक भवन के अधिकारी, विभागाध्यक्ष और एसोसिएट प्रोफेसर पंकज नयन पाण्डेय, डॉ. शाहिद अली, डॉ राजेंद्र मोहंती, समस्त विभागाध्यक्ष, शिक्षक, अधिकारी औक कर्मचारी उपस्थित रहे. विश्वविद्यालय ग्रंथालय में “नारायणी बहुभाषी समाचार पत्र संग्रहालय” की विभिन्न भाषाओं की पत्र-पत्रिकाओं के संकलनों को साहित्यकार डॉ. मृणालिका – राजेंद्र ओझा ने प्रदर्शित किया. प्रदर्शनी का आयोजन इलेक्ट्रॉनिक मीडिया विभागाध्यक्ष डॉ. नृपेंद्र कुमार शर्मा के संयोजन में किया गया.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H



