यमुनानगर: कभी उत्तर प्रदेश से हरियाणा के यमुनानगर में सिर्फ एक अदद नौकरी तलाशने आया युवक आज पुलिस फाइलों में मोस्ट वांटेड शूटर बन चुका है। मूल रूप से वाराणसी (यूपी) के बाबतपुर क्षेत्र का रहने वाला शुभम तिवारी उर्फ शुभम पंडित पिछले 21 महीनों से फरार है। पुलिस ने उस पर 1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया हुआ है, लेकिन उसका सुराग अब तक नहीं मिल सका है।

चाय की दुकान पर बदली किस्मत, अपराध की दुनिया में एंट्री

यमुनानगर आने के बाद शुभम एक चाय की दुकान पर बैठता था। इसी दौरान उसकी मुलाकात रोमिल वोहरा नाम के अपराधी से हुई। रोमिल ने ही शुभम को अपने पास बैंक कॉलोनी, कांसापुर इलाके में कमरा किराए पर दिलाया। रोमिल के संपर्क में आने के बाद शुभम अपराध की दुनिया में धंसता चला गया और आगे चलकर उसका संपर्क कुख्यात गैंगस्टर काला राणा गैंग से हो गया। रोमिल वोहरा बाद में पुलिस मुठभेड़ में मारा गया, लेकिन शुभम तब तक बड़ा अपराधी बन चुका था।

मर्डर, रंगदारी और फायरिंग में आया नाम

 गैंग से जुड़ने के बाद शुभम पंडित का नाम हत्या, रंगदारी और सरेआम फायरिंग जैसी बड़ी वारदातों में सामने आने लगा। वह यमुनानगर में नौकरी तलाशने वाले एक बाहरी युवक से सीधे पुलिस की ‘मोस्ट वांटेड’ लिस्ट का हिस्सा बन गया। 24 दिसंबर 2024 को हुए खेड़ी लखबा सिंह में ट्रिपल मर्डर के बाद से वह लगातार फरार चल रहा है।

इंस्टाग्राम पर AI वीडियो और पोस्ट से सनसनी

हाल ही में पूर्व विधायक के करीबी ट्रांसपोर्टर हरभजन सिंह हत्याकांड के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट ने पुलिस की नींद उड़ा दी है। शुभम पंडित के नाम से चल रही एक इंस्टाग्राम आईडी पर AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) के जरिए तैयार एक नया पोस्टर और वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में शुभम की पुरानी तस्वीरों के साथ बैकग्राउंड में दबंग अंदाज़ वाले गाने लगाए गए हैं।

पुलिस के लिए बड़ी चुनौती

पुलिस के पास शुभम का नाम, फोटो और पूरा आपराधिक रिकॉर्ड है। जगह-जगह उसके पोस्टर भी चिपकाए गए हैं। एसटीएफ (STF) समेत स्थानीय पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं। करीब छह महीने पहले शुभम का फर्जी पासपोर्ट तैयार कराने का मामला भी सामने आया था, जिससे आशंका है कि वह देश से बाहर भागने की फिराक में है या फिर हरियाणा-यूपी के किसी सुरक्षित ठिकाने पर छिपा बैठा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m