गौरव जैन, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। जिले के सीमावर्ती पेण्ड्रा-कारिआम मार्ग पर RTO कर्मियों पर मालवाहक वाहनों को रोककर कथित तौर पर अवैध वसूली करने के गंभीर आरोप लगे हैं। वाहन चालकों का दावा है कि सड़क पर सरकारी वाहन खड़ा कर उन्हें रोका जाता है और नो एंट्री तथा ओवरलोडिंग के नाम पर कार्रवाई का डर दिखाकर प्रति वाहन 1,000 रुपये लिए जाते हैं। आरोप यह भी है कि भुगतान के बाद चालकों को कोई आधिकारिक रसीद नहीं दी जाती।

मामला उस समय सामने आया, जब मनेन्द्रगढ़ के एक फल व्यापारी की गाड़ी इस मार्ग से गुजर रही थी। गाड़ी के चालक के मुताबिक, कारिआम RTO बैरियर के पास कर्मचारियों ने वाहन को रोक लिया। चालक का आरोप है कि ओवरलोडिंग का जुर्माना लगाने की बात कही गई और जब उसने नकदी नहीं होने की जानकारी दी तो सरकारी वाहन में बैठे एक व्यक्ति ने QR कोड दिखाकर 1,000 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए।
नकदी नहीं थी तो QR कोड से कराया भुगतान

चालक के अनुसार, उसे कार्रवाई का डर दिखाया गया था। जेब में पैसे नहीं होने की बात कहने पर कथित तौर पर ऑनलाइन भुगतान का विकल्प दिया गया। इसके बाद QR कोड के माध्यम से 1,000 रुपये ट्रांसफर किए गए। चालक का कहना है कि इस भुगतान के बदले उसे कोई चालान या सरकारी रसीद नहीं दी गई।

आंध्र प्रदेश से आने वाले ट्रक चालकों ने भी लगाए आरोप
स्थानीय मालवाहक वाहनों के अलावा आंध्र प्रदेश से आने वाले ट्रक चालकों ने भी इसी तरह की परेशानी का दावा किया है। चालकों के मुताबिक, उन्हें नो एंट्री में प्रवेश करने की बात कहकर रोका गया और 1,000 रुपये लिए गए। उनका आरोप है कि भुगतान के बाद भी किसी तरह की रसीद नहीं दी गई।

कुछ चालकों ने यह भी दावा किया कि इस मार्ग से गुजरने वाले वाहनों से नियमित तौर पर इसी तरह पैसे लिए जाते हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि होना अभी बाकी है।
सरकारी वाहन में 4-5 लोगों के होने का दावा
ड्राइवरों के मुताबिक, इस कार्रवाई के दौरान एक सरकारी टाटा सूमो वाहन का इस्तेमाल किया जा रहा था, जिसका नंबर CG02J5000 बताया गया है। उनका दावा है कि वाहन में करीब चार से पांच लोग मौजूद रहते हैं और मालवाहक वाहनों को रोककर उनसे पूछताछ की जाती है।

मामले से जुड़े वीडियो में सरकारी वाहन में वर्दी पहने एक व्यक्ति के बैठे होने का दावा किया गया है। जब मौके पर मौजूद लोगों से इस कथित वसूली को लेकर सवाल पूछने की कोशिश की गई तो सरकारी वाहन वहां से रवाना हो गया।
RTO अधिकारी ने कहा- ऑनलाइन ट्रांजेक्शन हुआ है तो होगी कार्रवाई
मामले को लेकर GPM RTO आनंद शर्मा से प्रतिक्रिया ली गई। उन्होंने कहा कि यदि किसी तरह का ऑनलाइन ट्रांजेक्शन कराया गया है तो निश्चित रूप से कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि ओवरलोडिंग या नो एंट्री के जुर्माने की रसीद दी जाती है।
सरकारी वाहन CG02J5000 के संबंध में पूछे जाने पर आनंद शर्मा ने कहा कि यह वाहन उनके जिले से बाहर का हो सकता है। उन्होंने इसे बिलासपुर स्कॉर्ट की गाड़ी होने की संभावना जताते हुए कहा कि इस संबंध में उन्हें जानकारी नहीं है।
फिलहाल पूरे मामले में वाहन चालकों की ओर से लगाए गए आरोपों और सामने आए वीडियो की जांच जरूरी है। यदि बिना रसीद के पैसे लेने की बात जांच में सही पाई जाती है तो यह गंभीर मामला माना जाएगा। अब देखना होगा कि विभाग इस पूरे प्रकरण की जांच किस स्तर पर करता है और आरोप सही पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


