० देशभक्ति, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और खचाखच भरे स्टेडियम के बीच एशिया के सबसे पुराने फुटबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ
रांची। एशिया के सबसे पुराने फुटबॉल टूर्नामेंट इंडियनऑयल डूरंड कप के 135वें संस्करण का रविवार को रांची के बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में भव्य शुभारंभ हुआ। चीता हेलिकॉप्टर के फ्लाई-पास्ट, भारतीय सेना के बैंड, गोरखा और सिख रेजिमेंट की शानदार प्रस्तुतियों ने उद्घाटन समारोह को यादगार बना दिया। इसके बाद टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में जमशेदपुर एफसी और श्रीलंका की डिफेंडर्स एफसी आमने-सामने उतरीं।
रांची के मोराबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में आयोजित उद्घाटन समारोह में राज्य के खेल मंत्री सुदिव्य कुमार, राज्यसभा सांसद महुआ माजी सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। सभी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए टूर्नामेंट के सफल आयोजन की शुभकामनाएं दीं।
समारोह की शुरुआत भारतीय सेना के चीता हेलिकॉप्टर के फ्लाई-पास्ट से हुई, जिसने स्टेडियम में मौजूद हजारों दर्शकों का रोमांच बढ़ा दिया। इसके बाद सेना के पाइप एंड ड्रम बैंड ने देशभक्ति की धुनों से माहौल को जोश से भर दिया।

गोरखा बटालियन के जवानों ने दी आकर्षक प्रस्तुति
गोरखा बटालियन के जवानों ने ‘कंधे से मिलते हैं कंधे’ और ‘वंदे मातरम्’ जैसे गीतों पर आकर्षक प्रस्तुति दी, जबकि सिख रेजिमेंट के भांगड़ा प्रदर्शन ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। डूरंड कप के आधिकारिक थीम गीत ‘खेलेंगे… दिल से खेलेंगे’ पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम समारोह का मुख्य आकर्षण रहा।
उद्घाटन समारोह के बाद टूर्नामेंट का पहला मुकाबला जमशेदपुर एफसी और श्रीलंका की डिफेंडर्स एफसी के बीच खेला गया।
उद्घाटन समारोह में उमड़ी भीड़
रांची में डूरंड कप के आयोजन को झारखंड में फुटबॉल के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। स्थानीय खेल प्रेमियों को देश और विदेश की शीर्ष टीमों के खिलाड़ियों को करीब से देखने का अवसर मिलेगा। उद्घाटन समारोह में उमड़ी भारी भीड़ ने एक बार फिर साबित कर दिया कि झारखंड में फुटबॉल के प्रति लोगों का उत्साह लगातार बढ़ रहा है।


