Lifestyle Desk- किचन में इस्तेमाल होने वाले मसाले के डिब्बे हर घर की जरूरत होते हैं. हल्दी, लाल मिर्च, तेल और रोज़ की भाप की वजह से इन डिब्बों पर धीरे-धीरे चिकनाई और गंदगी की परत जमने लगती है. कई बार डिब्बे इतने चिपचिपे हो जाते हैं कि उन्हें हाथ लगाना भी मुश्किल लगता है. ऊपर से गंदे डिब्बे पूरे किचन की सफाई पर असर डालते हैं. हालांकि अच्छी बात यह है कि कुछ आसान घरेलू उपाय अपनाकर मसाले के डिब्बों को फिर से चमकदार बनाया जा सकता है. आइए इसके बारे में विस्तार से जानते हैं.

गुनगुने पानी और नींबू से
सबसे आसान तरीका है गुनगुने पानी और नींबू का इस्तेमाल. एक बर्तन में हल्का गर्म पानी लें और उसमें नींबू का रस मिला दें. अब किसी कपड़े या स्पंज को इसमें डुबोकर डिब्बों को अच्छी तरह पोंछें. नींबू में मौजूद प्राकृतिक एसिड चिकनाई को जल्दी हटाने में मदद करता है और डिब्बों की बदबू भी दूर करता है.
बेकिंग सोडा करें इस्तेमाल
अगर डिब्बों पर ज्यादा जमी हुई चिकनाई है तो बेकिंग सोडा काफी असरदार साबित हो सकता है. इसके लिए एक चम्मच बेकिंग सोडा में थोड़ा पानी मिलाकर पेस्ट बना लें. इस पेस्ट को डिब्बों पर लगाकर 10 मिनट छोड़ दें और फिर स्क्रबर या स्पंज से हल्के हाथों से रगड़ें. इससे जमी हुई गंदगी आसानी से निकल जाती है और डिब्बों की चमक वापस आ जाती है.
सिरका आयेगा काम
सिरका भी किचन की सफाई में बेहद उपयोगी माना जाता है. सफेद सिरके को स्प्रे बोतल में भरकर डिब्बों पर छिड़कें और कुछ मिनट बाद कपड़े से साफ कर लें. सिरका तेल और चिकनाई को काटने का काम करता है. इसके इस्तेमाल से डिब्बों पर जमा चिपचिपापन जल्दी हट जाता है.
डिशवॉश लिक्विड से करें सफाई
डिशवॉश लिक्विड और गर्म पानी का मिश्रण भी अच्छे परिणाम देता है. एक टब में गर्म पानी भरें और उसमें थोड़ा डिशवॉश लिक्विड डाल दें. मसाले के डिब्बों को कुछ देर इसमें भिगोकर रखें. इसके बाद ब्रश या स्पंज की मदद से साफ करें. खासकर स्टील के डिब्बों पर यह तरीका काफी असरदार होता है.
गीले कपड़े से करें साफ़
लकड़ी या प्लास्टिक के मसाला बॉक्स को साफ करते समय ज्यादा पानी का इस्तेमाल करने से बचना चाहिए. ऐसे डिब्बों को हल्के गीले कपड़े से साफ करना बेहतर रहता है. सफाई के बाद उन्हें पूरी तरह सुखाना भी जरूरी है, वरना नमी की वजह से फंगस या बदबू की समस्या हो सकती है.
मसाले के डिब्बों की सफाई हर 10 से 15 दिन में करते रहना चाहिए. इससे गंदगी ज्यादा नहीं जमती और किचन हमेशा साफ-सुथरा नजर आता है. साथ ही मसालों की गुणवत्ता भी लंबे समय तक बनी रहती है. थोड़ी सी नियमित सफाई और घरेलू चीजों की मदद से मसाले के डिब्बों को नया जैसा चमकदार बनाया जा सकता है. इससे न केवल किचन व्यवस्थित दिखता है बल्कि खाना बनाने का अनुभव भी बेहतर हो जाता है.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

