Godawan Chick Missing: सरहदी जिले जैसलमेर के गोडावण ब्रीडिंग सेंटर से करीब 770 किलोमीटर दूर गुजरात के नलिया (कच्छ) भेजा गया गोडावण का नन्हा चूजा अचानक लापता हो गया है। इस घटना ने वन्यजीव प्रेमियों और वैज्ञानिकों की नींद उड़ा दी है, क्योंकि इस चूजे के जन्म को ग्रेट इंडियन बस्टर्ड (GIB) को बचाने की दिशा में सबसे बड़ी कामयाबी माना जा रहा था। खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात के 133वें एपिसोड में राजस्थान के राज्य पक्षी गोडावण के संरक्षण प्रयासों की सराहना की थी, लेकिन अब सुरक्षा में बड़ी सेंध लगने की खबर आ रही है।

770 KM का सफर और सेरोगेसी तकनीक से हुआ था जन्म
दरअसल, गुजरात के कच्छ में अब केवल तीन मादा गोडावण ही बची हैं और वहां कोई नर पक्षी नहीं है। प्रजाति को बचाने के लिए वैज्ञानिकों ने जैसलमेर के सम स्थित ब्रीडिंग सेंटर से एक फर्टाइल अंडा चुना। 21 मार्च को इस अंडे को एक विशेष पोर्टेबल इनक्यूबेटर में रखकर 19 घंटे का सफर तय कर गुजरात पहुंचाया गया। वहां एक जंगली मादा गोडावण के घोंसले में इस अंडे को रखा गया (जंपस्टार्ट तकनीक)। 26 मार्च 2026 को जब इस अंडे से बच्चा बाहर आया, तो इसे संरक्षण की दुनिया में एक ऐतिहासिक जीत माना गया।
50 सदस्यों की टीम और वॉच टावर… फिर भी गायब!
चूजे के जन्म के बाद गुजरात वन विभाग ने इसकी सुरक्षा ऐसी कर दी थी जैसे किसी VIP को Z+ सुरक्षा दी जाती है। 50 सदस्यीय विशेष टीम चौबीसों घंटे पहरा दे रही थी। इलाके की सड़कें सील कर दी गई थीं और वॉच टावरों से दूरबीन के जरिए नजर रखी जा रही थी। लेकिन बीते 18 अप्रैल के बाद से यह नन्हा चूजा अपनी मां के साथ नजर नहीं आया है।
शिकारी कुत्ते या सियार ने बनाया निवाला?
वन विभाग के सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, सुरक्षा घेरे में कुछ खामियां रह गई थीं। आशंका जताई जा रही है कि इन्हीं रास्तों से कोई शिकारी कुत्ता, सियार या जंगली बिल्ली अंदर घुसी और 24 दिन के इस मासूम चूजे को अपना शिकार बना लिया। हालांकि, अब तक कोई अवशेष नहीं मिला है, लेकिन इतने दिनों से गायब रहने के कारण उसके जिंदा होने की उम्मीद न के बराबर है।
प्रधानमंत्री और पर्यावरण मंत्री ने जताई थी खुशी
इस ऐतिहासिक मिशन की सफलता पर केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने एक्स पर तस्वीर शेयर कर इसे क्रांतिकारी कदम बताया था। कुछ दिन पहले ही पीएम मोदी ने भी इस सफलता का जिक्र किया था। लेकिन अब इस चूजे के गायब होने ने जैसलमेर से लेकर दिल्ली तक के अधिकारियों को हिलाकर रख दिया है। फिलहाल जांच जारी है कि आखिर इतनी कड़ी सुरक्षा के बीच चूजा गया कहां?
पढ़ें ये खबरें
- सड़क निर्माण और रखरखाव में लापरवाही पर हाईकोर्ट की सख्त टिप्पणी, मुख्य सचिव को आदेश के पालन की जानकारी देने के निर्देश
- इंदौर एयरपोर्ट पर फ्लाइट से उतारी गई युवती और दो युवक! लापता होने की शिकायत के बाद CISF की कार्रवाई, परिजनों ने जताई ‘लव जिहाद’ की आशंका , मुंबई जाने की तैयारी में थे तीनों
- नीला ड्रम हत्याकांड: DNA टेस्ट तक कराने को तैयार नहीं सौरभ का परिवार, जानिए जेल में जन्मी बच्ची का अब क्या होगा?
- IND vs WI 4th T20I: वेस्टइंडीज ने भारत को 24 रन से हराया, संजू की फिफ्टी बेकार, कीमो पॉल ने झटके 5 विकेट, सीरीज 2-2 से बराबर
- पटना के बोरिंग रोड में Shriram Finance के नए BU ऑफिस का उद्घाटन, मंत्री लेशी सिंह और डॉ. सत्यजीत सिंह रहे मौजूद
