हर्षराज गुप्ता, खरगोन। मध्यप्रदेश के खरगोन जिले में लोकायुक्त इंदौर की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए झिरन्या ब्लॉक के ब्लॉक एजुकेशन ऑफिसर (BEO) प्रभात परमार्थी को 2 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश पर की गई।
वेतन जारी कराने के बदले 2 हजार की मांग
दरअसल सुभाष बर्डे, निवासी अनकवाड़ी ने लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय को बताया था कि उनकी पत्नी सेवंती बर्डे शासकीय प्राथमिक विद्यालय में अतिथि शिक्षक हैं। नवंबर 2025 का वेतन अनुमोदन लंबित होने पर आरोपी प्रभात परमार्थी ने वेतन जारी कराने के बदले 2 हजार रुपए की मांग की थी। शिकायत सत्यापन के बाद 25 अप्रैल को ट्रैप टीम गठित की गई।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज
जैसे ही आरोपी ने ज्योति नगर स्थित घर पर रिश्वत की राशि ली, टीम ने उसे मौके पर पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 2018 की धारा 7 के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई जारी है। ट्रैप दल में उप पुलिस अधीक्षक सुनील तालान सहित आरक्षक आशीष शुक्ला, रामेश्वर निगवाल, चंद्रमोहन बिष्ट, अनिल परमार और आशीष आर्य शामिल रहे। लोकायुक्त ने आमजन से अपील की है कि रिश्वत मांगने पर तुरंत शिकायत करें।

