पंचकूला। हरियाणा के पंचकूला स्थित भानू सेंटर में रविवार देर शाम एक बेहद दुखद हादसा हो गया। जहां तैनात जवान अजय की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई।

दरअसल अजय सेंटर परिसर में बने मंदिर की ओर जा रहे थे तभी अचानक वह जमीन पर गिर पड़े और मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के रहने वाले अजय साल 2010 में फोर्स में भर्ती हुए थे और वर्तमान में करीब 16 साल की गौरवशाली सेवा पूरी कर चुके थे। गौरतलब है कि अजय को जल्द ही हवलदार पद पर पदोन्नति मिलने वाली थी लेकिन इस खुशी के आने से पहले ही नियति ने उन्हें छीन लिया।

ग्लेशियर में ग्लूकोमा से जंग और 16 साल की सेवा

अजय पिछले तीन साल से पंचकूला में तैनात थे और जल्द ही उनका तबादला होने वाला था। वह अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गए हैं जिनमें बड़ा बेटा महज साढ़े 12 साल का है। हैरानी की बात यह है कि दुर्गम ग्लेशियरों में तैनाती के दौरान अजय ग्लूकोमा जैसी आंखों की गंभीर बीमारी की चपेट में आ गए थे फिर भी उन्होंने पूरी निष्ठा के साथ देश की सुरक्षा में अपनी ड्यूटी जारी रखी।

आगरा के बामन गांव में कल होगा राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार

सोमवार देर रात जवान का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव बामन पहुंचेगा जहां मंगलवार सुबह पूरे सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस घटना के बाद से ही आईटीबीपी के भानू सेंटर और जवान के गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और हर कोई अजय की कर्तव्यनिष्ठा को याद कर रहा है।