फरीदाबाद । शहर में CBSE 12वीं के रिजल्ट के बाद एक ऐसा मामला सामने आया, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। घर में रिजल्ट को लेकर मायूसी थी, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि कुछ ही घंटों में खुशियों की जगह मातम पसर जाएगा। परिवार को बस इतना पता था कि बेटा परेशान है, मगर उसके मन में क्या चल रहा था, इसका अंदाजा किसी को नहीं था।

बताया जा रहा है कि छात्र रिजल्ट आने के बाद लगातार चुपचाप रहने लगा था। घरवालों और दोस्तों ने उसकी उदासी देखी जरूर, लेकिन किसी ने नहीं सोचा कि वह इतना बड़ा कदम उठा लेगा। दोपहर होते-होते घर में चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में घटना की खबर फैल गई।

मामला फरीदाबाद के सेक्टर-23 स्थित संजय कॉलोनी का है, जहां रोहित चौहान नामक छात्र ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। जानकारी के अनुसार, वह CBSE 12वीं में दो विषयों में पास नहीं हो पाया था, जिसके चलते वह मानसिक तनाव में था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

यह घटना एक बार फिर बच्चों पर पढ़ाई और रिजल्ट के दबाव को लेकर बड़े सवाल खड़े कर रही है। विशेषज्ञ मानते हैं कि खराब परिणाम आने पर बच्चों को डांटने के बजाय उनका मनोबल बढ़ाना और उनसे खुलकर बातचीत करना बेहद जरूरी है।