धनबाद। झारखंड के धनबाद जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच एक बार फिर भू-धंसान की बड़ी घटना सामने आई है। कतरास थाना क्षेत्र के सेलेक्टेड गोविंदपुर में अचानक जमीन धंसने से करीब आधा दर्जन घर जमींदोज हो गए। राहत की बात यह रही कि समय रहते लोग घरों से बाहर निकल गए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
धनबाद के कतरास थाना क्षेत्र स्थित सेलेक्टेड गोविंदपुर में बुधवार को अचानक हुए भू-धंसान से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते करीब छह मकान जमीन में समा गए, जबकि घरों में रखा सामान और एक मोटरसाइकिल भी मलबे के साथ धंस गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के वक्त एक महिला घर में खाना बना रही थी। तभी तेज धमाके जैसी आवाज आई और जमीन धंसने लगी। लोग शोर मचाते हुए घरों से बाहर भागे और कुछ ही क्षणों में कई मकान जमींदोज हो गए।
बताया जा रहा है कि घटना के दौरान मीडिया कर्मी मौके पर मौजूद थे और एक पीड़ित महिला से बातचीत कर रहे थे। इसी बीच एक और मकान अचानक भरभराकर जमीन में समा गया, जिससे वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
प्रशासन और BCCL की टीम मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और बीसीसीएल (BCCL) के अधिकारी मौके पर पहुंचे। बाघमारा के अंचलाधिकारी गिरिजानंद किस्कू ने बताया कि भू-धंसान में छह मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। हालांकि, राहत की बात यह है कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
उन्होंने बताया कि प्रभावित परिवारों को तत्काल बेलगड़िया पुनर्वास कॉलोनी में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
BCCL को दिए गए निर्देश
अंचलाधिकारी ने कहा कि लगातार बारिश के दौरान भू-धंसान की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए बीसीसीएल को सभी प्रभावित क्षेत्रों में 20-20 क्वार्टर चिन्हित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं के बाद प्रभावित परिवारों को तुरंत सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया जा सके।
लगातार हो रही बारिश के कारण कतरास क्षेत्र में भू-धंसान की घटनाएं बढ़ रही हैं। इससे स्थानीय लोगों में अपने घरों और जान-माल की सुरक्षा को लेकर चिंता गहरा गई है। प्रशासन पूरे इलाके की निगरानी कर रहा है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।


