GT vs MI IPL 2026 : आईपीएल 2026 के 30वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) ने शानदार वापसी करते हुए गुजरात टाइटंस (Gujarat Titans) को 99 रन से करारी शिकस्त दी। लगातार चार हार के बाद मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए तिलक वर्मा के नाबाद शतक की बदौलत 199 रन बनाए, जिसके जवाब में गुजरात की टीम महज 100 रन पर सिमट गई। इस जीत के साथ मुंबई ने टूर्नामेंट में अपनी लय फिर से हासिल कर ली है।

मुंबई की बल्लेबाजी, तिलक वर्मा ने जड़ा शतक
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। शुरुआत में मुंबई की टीम को कुछ झटके लगे, लेकिन इसके बाद तिलक वर्मा (Tilak Varma) ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए पारी को संभाला और नाबाद 101 रन (45 गेंद) की धमाकेदार पारी खेली। उनके अलावा नमन धीर ने 45 रन का अहम योगदान दिया, जिससे मुंबई ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 199 रन बनाए।

गुजरात की ओर से कगिसो रबाडा सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 3 विकेट झटके। इसके अलावा मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा ने 1-1 विकेट हासिल किये।
गुजरात की पारी
200 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस की शुरुआत बेहद खराब रही। साई सुदर्शन बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए, वहीं शुभमन गिल और जोस बटलर भी जल्दी आउट हो गए। लगातार गिरते विकेटों के कारण पूरी टीम दबाव में आ गई और 15.5 ओवर में सिर्फ 100 रन पर ऑलआउट हो गई।

मुंबई की गेंदबाजी में सबसे घातक प्रदर्शन अश्विनी कुमार ने किया, जिन्होंने 4 महत्वपूर्ण विकेट झटके। इसके अलावा मिचेल सैंटनर और अल्लाह गजनफर ने 2-2 विकेट लिए। जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पंड्या ने एक-एक विकेट हासिल किये।
इस जीत के साथ मुंबई इंडियंस ने न सिर्फ अपनी हार की लय तोड़ी, बल्कि टूर्नामेंट में मजबूत वापसी का संकेत भी दिया है। वहीं गुजरात टाइटंस को इस करारी हार से अपनी रणनीति पर फिर से विचार करना होगा।
दोनों टीमों की प्लेइंग (GT vs MI IPL 2026)
गुजरात टाइटंस : साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, ग्लेन फिलिप्स, शाहरुख खान, राशिद खान, कगिसो रबाडा, अशोक शर्मा, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा।
इम्पैक्ट प्लेयर्स: राहुल तेवतिया, जेसन होल्डर, अनुज रावत, कुलवंत खजरोलिया और मानव सुथार।
मुंबई इंडियंस : दानिश मालेवार, क्विंटन डी कॉक, नमन धीर, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या (कप्तान), तिलक वर्मा, शेरफन रदरफोर्ड, मिचेल सैंटनर, क्रिष भगत, जसप्रीत बुमराह और अल्लाह गजनफर।
इम्पैक्ट प्लेयर्स: राज अंगद, अश्विनी कुमार, कॉर्बिन बॉश, मयंक रावत और रघु शर्मा।
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

