अहमदाबाद। गुजरात के आनंद जिले से गुजर रहे अहमदाबाद-वडोदरा एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सूरत से राजस्थान जा रही एक तेज रफ्तार लग्जरी बस और ट्रक के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस भयावह दुर्घटना में 5 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि अधिकांश यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
तड़के 4 बजे हुआ भीषण हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ‘साई दर्शन ट्रैवल्स’ की लग्जरी बस सूरत से यात्रियों को लेकर राजस्थान के लिए रवाना हुई थी। बुधवार सुबह तड़के लगभग 4:00 बजे जब बस एक्सप्रेसवे पर आनंद से नडियाद की ओर बढ़ रही थी, तभी अचानक बस अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। दुर्घटना के समय अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का एक हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
राहत और बचाव कार्य
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन और 108 एम्बुलेंस की राहत टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से क्षतिग्रस्त बस में फंसे यात्रियों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। हादसे में गंभीर रूप से घायल 5 लोगों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं, पुलिस ने पांचों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हादसे के कारणों की जांच शुरू
दुर्घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ, जिसे पुलिस ने तुरंत सुचारू करवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि तड़के चालक को नींद की झपकी आने या तेज रफ्तार में ओवरटेक करने के प्रयास के कारण चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया होगा। हादसे की जानकारी मिलने के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


