गुरदासपुर : पंजाब सरकार द्वारा नशों के खिलाफ चलाई जा रही जागरूकता अभियान को और प्रभावशाली बनाने के लिए गुरदासपुर के सभी केमिस्टों की एक अहम मीटिंग आयोजित की गई. इस दौरान कई अहम फैसला लिया गया है, जिसमें यह भी कहा गया है कि बिना पर्ची के किसी को भी दवाई नहीं दी जाएगी. ऐसे कई नियमों का पालन करने के बाद नशे से जुड़े कई अपराध में कमी आएगी.

इस अवसर पर सिटी प्रधान दर्शन शर्मा ने कहा कि नशों की रोकथाम के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रहे अभियान में केमिस्टोँ की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है. सभी केमिस्टों को अपनी सामाजिक जिम्मेदारी समझते हुए इस अभियान को सफल बनाने के लिए प्रशासन और सरकार को पूरा सहयोग देना चाहिए. उन्होंने सभी दवा विक्रेताओं से अपील की कि दवाइयों की खरीद और बिक्री निर्धारित कानूनी नियमों के अनुसार बिलों के माध्यम से ही की जाए तथा दवाइयों के दुरुपयोग को रोकने के लिए पूरी सावधानी बरती जाए. उन्होंने कहा कि एसोसिएशन की ओर से सभी केमिस्टों को ड्रग एक्ट और अन्य संबंधित नियमों का पालन करने के लिए स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने कहा कि दुरुपयोग की आशंका वाली दवाइयां डॉक्टर की वैध पर्ची के बिना नहीं दी जानी चाहिए.

नियमों का उल्लंघन करने पर नहीं मिलेगी मदद

मीटिंग में यह भी निर्णय यदि कोई दुकानदार नियमों का उल्लंघन करता है या गैर-कानूनी गतिविधियों में शामिल पाया जाता है, तो एसोसिएशन उसका साथ नहीं देगी और न ही उसकी किसी प्रकार की मदद करेगी. उन्होंने कहा कि सभी केमिस्टों को अपना कारोबार ईमानदारी और कानून के अनुसार चलाना चाहिए.

नशा विरोधी अभियान में करना है मदद

मीटिंग के दौरान केमिस्टों से सरकार की नशा विरोधी अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की. सभी केमिस्टों को नशों की रोकथाम तथा युवा पीढ़ी को नशों से बचाने के लिए मिल-जुलकर प्रयास करने का आह्वान किया. मीटिंग में कार्यकारी प्रधान रजवंत बावा ने उपस्थित सभी केमिस्टों से अपील की कि वे अपना कारोबार पूरी ईमानदारी और कानूनी नियमों के अनुसार चलाएं, ताकि नशों की रोकथाम में सामूहिक योगदान दिया जा सके और युवा पीढ़ी को नशों से बचाने के लिए सामाजिक जिम्मेदारी निभाई जा सके. इस अवसर पर सिटी गुरदासपुर के सभी केमिस्ट उपस्थित थे.