गुरुग्राम। मिलेनियम सिटी गुरुग्राम की बदहाल सड़कों और बुनियादी ढांचे को दुरुस्त करने के लिए हरियाणा सरकार ने कड़ा रुख अपना लिया है. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर ने गुरुवार को पीडब्ल्यूडी (PWD) रेस्ट हाउस में जीएमडीए (GMDA), नगर निगम और एचएसवीपी (HSVP) के अधिकारियों की उच्चस्तरीय बैठक ली. बैठक के दौरान सड़कों और फुटपाथ की खस्ता हालत पर कड़ी नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को शहर की 100 खराब सड़कों की पहचान कर उन्हें अगले 30 दिनों के भीतर पूरी तरह दुरुस्त करने का सख्त लक्ष्य दिया गया है. निर्देश दिया गया है कि जिन सड़कों की मरम्मत की जाए, उनकी लंबाई कम से कम 500 मीटर होना अनिवार्य है.

सड़क पर टाइलें, लेन मार्किंग और क्यूआर कोड वाले सूचना बोर्ड

मुख्य प्रधान सचिव ने स्पष्ट किया कि अधिकारी केवल पैचवर्क या मरम्मत तक सीमित न रहें. सड़कों के आसपास धूल उड़ने से रोकने के पूरे हिस्से पर टाइलें लगाई जाएं. इसके अलावा स्ट्रीट लाइट, लेन मार्किंग, फुटपाथ और सूचना पट्ट की मुकम्मल व्यवस्था हो. सड़कों को हर हाल में अतिक्रमण और कचरामुक्त किया जाए. चिन्हित सड़कों पर एक सूचना बोर्ड लगाया जाएगा जिस पर क्यूआर (QR) कोड होगा. इस कोड को स्कैन करके नागरिक कार्य, जिम्मेदार अधिकारी, काम शुरू होने और पूरा होने की निर्धारित तिथि की जानकारी ऑनलाइन देख सकेंगे.

24 घंटे चैलेंज अभियान और लापरवाही पर 5000 का जुर्माना

गुरुग्राम में प्रशासनिक सेवाओं को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए ’24 घंटे चैलेंज अभियान’ शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं. इस प्लेटफॉर्म पर नागरिक कचरे के ढेर, सड़कों के गड्ढे, सीवरेज ओवरफ्लो, खराब स्ट्रीट लाइट और पेड़ों की छंटाई की शिकायत दर्ज करा सकेंगे. शिकायत की गंभीरता के आधार पर 24, 48 या 72 घंटे के भीतर समाधान करना होगा. समीक्षा के दौरान यदि किसी कर्मचारी की लापरवाही पाई जाती है, तो उस पर 5 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा और यह राशि शिकायतकर्ता को दी जाएगी.

10 आइकॉनिक रोड और रैपिड मेट्रो यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी

बैठक में गुरुग्राम में 10 बेहतर ‘आ आइकॉनिक रोड’ विकसित करने के भी निर्देश दिए गए. इन इलाकों में स्मोकिंग जोन तय किए जाएंगे और नो-स्मोकिंग जोन में धूम्रपान करने वालों पर बॉडी कैमरा से लैस विशेष टीमें तुरंत जुर्माना लगाएंगी. दूसरी ओर, बैठक में राहत भरी खबर यह भी आई कि हरियाणा मास रैपिड ट्रांसपोर्ट कार्पोरेशन (HMRTC) के तहत रैपिड मेट्रो में यात्रियों की संख्या पिछले साल के मुकाबले 79.56 लाख से बढ़कर 88.81 लाख हो गई है, यानी यात्रियों की संख्या में करीब 11.42 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m