गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम स्थित सेक्टर-102 के धनकोट क्षेत्र में एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान एक युवक की मौत का मामला सामने आया है। मृतक युवक की पहचान मुकेश कुमार के रूप में हुई है। मुकेश की मौत की सूचना मिलते ही उसके परिजनों और रिश्तेदारों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। अस्पताल के बाहर भारी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई और वे प्रबंधन के खिलाफ रोष जता रहे हैं।
सुबह तक ठीक था युवक, परिजनों का आरोप
परिजनों ने बताया कि मुकेश कुमार को केवल सामान्य बुखार हुआ था, जिसके बाद उसे इलाज के लिए धनकोट के इस प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि मुकेश सुबह तक बिल्कुल ठीक था और अस्पताल में सबसे सामान्य रूप से बातचीत कर रहा था। लेकिन डॉक्टरों और अस्पताल प्रबंधन की कथित लापरवाही के कारण उसकी अचानक तबीयत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।
अस्पताल के बाहर तनाव की स्थिति
युवक की मौत के बाद अस्पताल परिसर के बाहर भारी संख्या में परिजन और स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए हैं। लोगों में अस्पताल के खिलाफ भारी आक्रोश है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर स्थिति को संभालने में जुटी हुई है और परिजनों को शांत कराने का प्रयास किया जा रहा है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

