गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर जनपद चमोली के प्रमुख मंदिरों में पुजारियों, गुरुओं, मठाधीशों एवं संत-महात्माओं को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का शुभकामना संदेश एवं शिष्टाचार भेंट प्रदान की गई.

इस क्रम में उपजिलाधिकारी राजकुमार पाण्डेय ने श्री गोपीनाथ मंदिर, गोपेश्वर पहुंचकर मंदिर के पुजारी पंडित अपूर्व भट्ट को मुख्यमंत्री का शुभकामना संदेश भेंट किया . उपजिलाधिकारी चंद्र शेखर वशिष्ट सहित सभी उपजिलाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्र के प्रमुख मंदिरों, मठों एवं धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर पुजारियों, गुरुओं, मठाधीशों और संत-महात्माओं को मुख्यमंत्री का शुभकामना संदेश एवं शिष्टाचार भेंट प्रदान की तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया.

इसे भी पढ़ें : 80वें स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां तेज, ध्वजारोहण से लेकर मैराथन और वृक्षारोपण तक होंगे आयोजन

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संदेश में गुरु पूर्णिमा की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए समस्त पुजारियों, गुरुओं, मठाधीशों एवं संत-महात्माओं के प्रति गहरी श्रद्धा एवं सम्मान व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि मंदिरों में होने वाली लोककल्याण की अनवरत प्रार्थनाएं तथा आध्यात्मिक चेतना पूरे प्रदेश को सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करती हैं.

सीएम ने कहा कि संत-महात्माओं का आशीर्वाद उन्हें जनता की सेवा का दायित्व पूर्ण निष्ठा, समर्पण एवं धर्म के मार्ग पर निभाने की निरंतर प्रेरणा देता है. मुख्यमंत्री ने समाज में नैतिक मूल्यों, शांति, सद्भाव एवं समरसता की स्थापना में संत समाज की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए सभी संत-महात्माओं के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं सतत सान्निध्य की कामना की. इस अवसर पर श्री गोपीनाथ मंदिर के पुजारी पंडित अपूर्व भट्ट ने मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके जनकल्याणकारी कार्यों की सराहना की.