राकेश कथूरिया कैथल : संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती के पावन उपलक्ष्य में काशी स्थित गुरु रविदास जन्मस्थल, सीर गोवर्धनपुर से प्रारंभ हुई पवित्र कलश वंदन यात्रा का कैथल जिले की कलायत विधानसभा में श्रद्धा, उत्साह और भक्ति भाव के साथ भव्य स्वागत किया गया। यात्रा सामाजिक समरसता, समानता, भाईचारे और राष्ट्रीय एकता का संदेश लेकर निरंतर आगे बढ़ रही है।
इस अवसर पर भाजपा कैथल जिला अध्यक्ष ज्योति सैनी ने पवित्र कलश वंदन यात्रा में सहभागिता करते हुए पवित्र कलश को सिर पर धारण कर श्री रैदास तख्त तक पहुंचकर संत शिरोमणि गुरु रविदास के श्रीचरणों में नमन किया तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए अत्यंत गौरव, श्रद्धा और आध्यात्मिक अनुभूति का विषय है।
कार्यक्रम के दौरान पावन स्थल से सभी मंडलों में कलश वंदन यात्रा के शुभारंभ के लिए मंडल अध्यक्षों को पवित्र कलश भेंट किए गए, जिससे यात्रा को आगे बढ़ाया गया।
ज्योति सैनी ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास के विचार आज भी समाज को प्रेम, सद्भाव, समानता, समरसता और मानव सेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। उनके आदर्शों को अपनाकर ही एक समरस, सशक्त और विकसित भारत के निर्माण का संकल्प साकार किया जा सकता है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


