गांव जड़ौला में 20 अगस्त को संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज के मूर्ति स्थापना समारोह में शामिल होंगे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
राकेश कथूरिया, कैथल : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आगामी 20 अगस्त को गांव जड़ौला में आयोजित संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज के मूर्ति स्थापना समारोह में भाग लेने के कार्यक्रम को लेकर डीसी अपराजिता ने सोमवार को कैंप कार्यालय में अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के दौरे से संबंधित सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं।
डीसी ने बिजली निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंदिर तक पहुंचने वाले मार्ग तथा जनसभा स्थल तक बिजली की तारों की जांच करे। कहीं भी तार अनावश्यक रूप से लटकी हुई नहीं होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आयोजन स्थल और मार्गों पर साफ-सफाई की व्यवस्था भी पूरी तरह दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। पंचायत विभाग को समय रहते सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
समारोह के दौरान पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी डीसी ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पार्किंग स्थल का समय रहते चयन कर वहां पर्याप्त व्यवस्था की जाए, ताकि समारोह में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
डीसी अपराजिता ने पुलिस अधिकारियों को मुख्यमंत्री के दौरे के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था के सभी पहलुओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के रूट पर किसी प्रकार की बाधा नहीं होनी चाहिए। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पहले से पूरी प्लानिंग तैयार की जाए, ताकि जाम जैसी स्थिति उत्पन्न न हो।
डीसी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने विभाग से संबंधित कार्यों की नियमित निगरानी करें और निर्धारित समय सीमा में सभी तैयारियां पूरी करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समारोह को व्यवस्थित, सुरक्षित और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि और केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल होंगे मुख्य यजमान-ईश्वर सिंह
कार्यक्रम के संयोजक पूर्व सांसद ईश्वर सिंह ने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के 650वां सालाना उत्सव मनाया जा रहा है। इसी उत्सव के तहत हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आगामी 20 अगस्त को गांव जड़ौला में संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की मूर्ति स्थापना समारोह में बतौर मुख्य भाग लेंगे। कार्यक्रम में किए जाने वाले यज्ञ में मुख्य यजमान के तौर पर केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल भाग लेंगे। पूर्व सांसद ने कहा कि कार्यक्रम का आयोजन गुरु रविदास जनकल्याण समिति द्वारा किया जा रहा है। जहां पहले मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय कानून मंत्री मूर्ति स्थापना समारोह में भाग लेंगे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


