सुशीला देवी, गुरुग्राम/सोहना। गुरुग्राम में रुपयों के लेन-देन को लेकर हुआ विवाद खूनी वारदात में बदल गया। 32 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या के मामले में गुरुग्राम पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को वारदात के कुछ ही घंटों बाद दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमरजीत ग्रेवाल उर्फ अमरजीत फौजी (40) निवासी गांव बामला, जिला भिवानी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, वारदात 8 सितंबर की शाम करीब 6 बजे थाना सेक्टर-14 क्षेत्र में हुई। मृतक की पहचान हेमंत कौशिक (32) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हेमंत और आरोपी अमरजीत के बीच करीब 6.5 लाख रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था।
बातचीत के दौरान हुआ विवाद, माथे में मारी गोली
जानकारी के मुताबिक, दोनों के बीच पैसों को लेकर बातचीत हो रही थी। इसी दौरान किसी बात पर दोनों के बीच बहस बढ़ गई। आरोप है कि अमरजीत ने अपनी पिस्टल निकाल ली और हेमंत के माथे में गोली मार दी। गोली लगने के बाद हेमंत गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। परिजन और अन्य लोगों ने घायल हेमंत को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने कुछ घंटों में आरोपी को दबोचा
हत्या की सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-14 पुलिस और अपराध शाखा मानेसर की टीम सक्रिय हो गई। पुलिस ने आरोपी की तलाश में कई जगह दबिश दी और संयुक्त कार्रवाई करते हुए उसे दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
2024 में सेना से हुआ था रिटायर
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी अमरजीत वर्ष 2024 में भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हुआ था। पुलिस के अनुसार, वर्ष 2021 में हेमंत ने आरोपी से करीब 6.5 लाख रुपये उधार लिए थे। इसी रकम को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गोली चलाने के पीछे तत्काल विवाद की क्या वजह थी और घटना में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं। वारदात में इस्तेमाल किए गए लाइसेंसी हथियार को बरामद करने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।
- खबर का असर : बेटे के इलाज को लेकर चिंतित किसान पिता को मिली बड़ी राहत, सीएम साय ने स्वीकृत किए 12 लाख रुपए
- भोलेनाथ चलाएंगे भाप इंजन, गणपति बनेंगे गार्ड! विदिशा के मोहनगिरी तिराहे पर दिखेगी अनोखी झांकी
- UP Scholarship Big Update: योगी सरकार का बड़ा फैसला, बढ़ी छात्रवृत्ति आवेदन की समय-सीमा
- WhatsApp पर परिचित की DP लगाकर पैसे मांग रहे साइबर ठग, कैथल पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
- नाक से खून, टूटे पैर और जिस्म पर घाव… लिव-इन पार्टनर की लाश छोड़ रातों-रात गायब हुई प्रेमिका, जानें मामला

