गुरुग्राम के खवासपुर गांव के पास सोमवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से दिल्ली पुलिस के 33 वर्षीय सिपाही अमित यादव की मौत हो गई। वह नाइट ड्यूटी खत्म कर बाइक से अपने पैतृक गांव बांसलांबी लौट रहे थे। पुलिस के मुताबिक, पीछे से आए ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। गंभीर हालत में उन्हें निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। फर्रुखनगर थाना पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है

नाइट ड्यूटी के बाद घर लौट रहे थे अमित यादव

पुलिस के मुताबिक, अमित यादव गुरुग्राम के बांसलांबी गांव के रहने वाले थे। परिवार से मिली जानकारी के अनुसार, उन्होंने वर्ष 2016 में दिल्ली पुलिस में सिपाही के रूप में नौकरी शुरू की थी। वह वर्तमान में दिल्ली पुलिस के डीसीपी पूर्व कार्यालय में तैनात थे।

सोमवार सुबह करीब 9 बजे नाइट ड्यूटी खत्म करने के बाद वह बाइक से घर लौट रहे थे। खवासपुर गांव के पास पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम

हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। घायल अमित यादव को नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने पर फर्रुखनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

परिवार में पत्नी और दो बेटियां

परिजनों के मुताबिक, अमित यादव अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। उनकी एक बहन है। करीब नौ साल पहले उनकी शादी हुई थी। परिवार में दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी सात साल और छोटी बेटी पांच साल की है।

अमित यादव की मौत से परिवार और गांव में शोक का माहौल है।

CCTV फुटेज से ट्रक चालक की तलाश

फर्रुखनगर थाना पुलिस ने सोमवार को अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि ट्रक और उसके चालक की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m