सुशीला देवी, गुरुग्राम। पुरानी रंजिश के चलते कार से टक्कर मारकर युवक के साथ मारपीट, अपहरण और लूटपाट करने के मामले में गुरुग्राम पुलिस ने पांचवें आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। अपराध शाखा सेक्टर-39 की टीम ने आरोपी विक्की उर्फ मैकल (35) निवासी सुभाष नगर को 14 अगस्त को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार 17 जुलाई की सुबह करीब 3:45 बजे सेक्टर-5 मार्केट में कपड़े प्रेस का काम करने वाला व्यक्ति कार साफ करने जा रहा था। इसी दौरान स्विफ्ट कार ने उसे पीछे से टक्कर मार दी। कार सवार चार आरोपियों ने लोहे की रॉड और डंडों से उसकी पिटाई की और जबरन कार में डालकर ले गए। आरोपियों ने उसका मोबाइल व अन्य सामान छीनने के बाद उसे नहर के पास फेंक दिया और हवाई फायर कर फरार हो गए।

मामले में पुलिस पहले रामकुमार उर्फ रामू और सत्यम श्रीवास्तव सहित अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पूछताछ में सामने आया कि शिकायतकर्ता और आरोपी रोहित अग्रवाल के बीच पुरानी रंजिश थी, जिसके चलते वारदात को अंजाम दिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक देशी पिस्टल भी बरामद की है। गिरफ्तार विक्की के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और शस्त्र अधिनियम समेत चार मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m