गुरुग्राम साइबर पुलिस ने इंश्योरेंस पॉलिसी और सरकारी बॉन्ड बेचने के नाम पर लाखों की ठगी करने वाले गिरोह के तीन शातिर ठगों को गाजियाबाद से दबोचा है। आरोपियों ने फर्जी कॉल सेंटर खोलकर एक व्यक्ति से 26 लाख रुपये की ठगी की थी, जिनके कब्जे से मोबाइल, सिम और नकदी बरामद की गई है।

सुशीला देवी, गुडगांव। गुरुग्राम साइबर पुलिस ने इंश्योरेंस पॉलिसी और गवर्नमेंट बॉन्ड खरीदने के नाम पर लोगों से करोड़ों की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी फर्जी कॉल सेंटर बनाकर लोगों को झांसे में लेते थे और लाखों रुपये की ठगी को अंजाम देते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 13 मोबाइल फोन, 7 सिम कार्ड और 50 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। थाना साइबर मानेसर में 21 जनवरी 2026 को एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि “वन सर्वर接收 कैपिटल एडवाइस LLP” का प्रतिनिधि बनकर आरोपियों ने उसे इंश्योरेंस पॉलिसी बॉन्ड खरीदने का लालच दिया और करीब 26 लाख रुपये ठग लिए। मामले की जांच करते हुए साइबर पुलिस ने 25 मई को गाजियाबाद से उदित चोपड़ा, जितेश कुमार श्रीवास्तव और हिमांशु प्रेमी उर्फ सरदार को गिरफ्तार किया।

फर्जी कॉल सेंटर से करते थे ठगी

पुलिस जांच में सामने आया कि हिमांशु और जितेश एक इंश्योरेंस कंपनी में काम करते थे। दोनों ने गाजियाबाद में फर्जी कॉल सेंटर खोल रखा था, जहां से लोगों का डाटा लेकर कॉल की जाती थी और निवेश के नाम पर ठगी की जाती थी। आरोपी उदित लोगों को कॉल करने का काम करता था। इस मामले में पहले भी बैंक खाताधारक, एटीएम से नकदी निकालने वाले और सिम उपलब्ध कराने वाले आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। फिलहाल पुलिस ने दो आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि एक आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। साइबर पुलिस अब इस गिरोह के नेटवर्क और इनके द्वारा ठगे गए अन्य लोगों के बारे में भी गहनता से सुराग लगाने में जुट गई है।