गुरुग्राम: देश के लग्जरी रियल एस्टेट बाजार में गुरुग्राम एक बार फिर बड़ी डील को लेकर सुर्खियों में है। डीएलएफ के सेक्टर-54 स्थित सुपर लग्जरी प्रोजेक्ट ‘द डहलियास’ में एक पेंटहाउस करीब 271 करोड़ रुपये में बिकने की जानकारी सामने आई है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, इस पेंटहाउस को उद्यमी मानव सरदाना ने खरीदा है। इसे भारत में किसी एक आवासीय यूनिट की सबसे बड़ी डील में से एक माना जा रहा है।

पेंटहाउस का कारपेट एरिया करीब 10,500 वर्गफुट बताया जा रहा है। इस हिसाब से इसकी कीमत लगभग 2.6 लाख रुपये प्रति वर्गफुट बैठती है। वहीं इसका सुपर एरिया करीब 17,200 वर्गफुट है। निर्माणाधीन इस प्रोजेक्ट की यह डील कारपेट एरिया के आधार पर देश की सबसे महंगी आवासीय संपत्ति की डील में शामिल हो सकती है।

कौन हैं मानव सरदाना?

पेंटहाउस खरीदने वाले मानव सरदाना उद्यमी हैं और इम्पीरियल ऑटो इंडस्ट्रीज समूह से जुड़े हैं। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, वह एस.बी. सरदाना के बेटे हैं। एस.बी. सरदाना ने वर्ष 1969 में गायक जगजीत सिंह के साथ इम्पीरियल ऑटो इंडस्ट्रीज की सह-स्थापना की थी।

फरीदाबाद मुख्यालय वाली इम्पीरियल ऑटो इंडस्ट्रीज ऑटोमोटिव और ऑफ-हाईवे सेक्टर के लिए उत्पाद बनाती है। मानव सरदाना समूह से जुड़ी एक दर्जन से अधिक कंपनियों में निदेशक भी बताए जाते हैं।

17 एकड़ में फैला है DLF का अल्ट्रा-लक्जरी प्रोजेक्ट

‘द डहलियास’ गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर डीएलएफ फेज-5 में स्थित अल्ट्रा-लग्जरी आवासीय परियोजना है। डीएलएफ ने इसे अक्टूबर 2024 में लॉन्च किया था। करीब 17 एकड़ में फैले इस प्रोजेक्ट में 8 टावर हैं, जिनमें 29 स्तर और कुल करीब 420 आवासीय यूनिट शामिल हैं। परियोजना में 15 विशेष डुप्लेक्स पेंटहाउस भी बताए गए हैं।

इस प्रोजेक्ट में पहले भी करोड़ों रुपये के कई सौदे हो चुके हैं। अक्टूबर 2025 में एक औद्योगिक घराने ने करीब 380 करोड़ रुपये में चार अपार्टमेंट खरीदे थे। वहीं निवेशक मधुसूदन मुरलीधर केला ने अप्रैल 2026 में यहां करीब 120.71 करोड़ रुपये में एक अपार्टमेंट खरीदा था।

गुरुग्राम में लगातार बढ़ रही लग्जरी प्रॉपर्टी की कीमत

गोल्फ कोर्स रोड पहले से ही देश के प्रमुख लग्जरी रिहायशी इलाकों में शामिल है। दिसंबर 2024 में भी ‘द कैमिलियाज’ में एक पेंटहाउस करीब 190 करोड़ रुपये में खरीदा गया था।

मुंबई को देश का सबसे महंगा रिहायशी बाजार माना जाता है, लेकिन वहां की कई बड़ी प्रॉपर्टी डील एक से अधिक अपार्टमेंट से जुड़ी रही हैं। ऐसे में 271 करोड़ रुपये की यह सिंगल-यूनिट डील गुरुग्राम के साथ-साथ देश के लग्जरी रियल एस्टेट बाजार के लिए भी बेहद अहम मानी जा रही है।

डीएलएफ ने इस बिक्री पर टिप्पणी करने से इनकार किया है। कंपनी अब तक ‘द डहलियास’ की 65 फीसदी से अधिक यूनिट बेच चुकी है। परियोजना में एक अपार्टमेंट की कीमत करीब 100 करोड़ से 170 करोड़ रुपये के बीच बताई गई है।

कोविड महामारी के बाद देश के सात प्रमुख शहरों में लग्जरी आवास की मांग में तेजी देखी गई है। गुरुग्राम और मुंबई में लगातार बड़े पेंटहाउस और अपार्टमेंट सौदे सामने आ रहे हैं। हालांकि, चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में कोई नई परियोजना लॉन्च नहीं करने के कारण डीएलएफ की बिक्री बुकिंग 94 फीसदी घटकर 657 करोड़ रुपये रह गई। वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी की बिक्री बुकिंग करीब 5 फीसदी घटकर 20,143 करोड़ रुपये रही थी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m