Gurugram Theft Case : गुरुग्राम। डीएलएफ फेज-1 इलाके में घर से आभूषण और लाखों रुपये की नकदी चोरी करने के मामले में अपराध शाखा सेक्टर-43 की टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए आभूषण और 19 लाख 66 हजार 400 रुपये की नकदी बरामद की है।

घर से नकदी और आभूषण चोरी

पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त को डीएलएफ फेज-1 निवासी एक व्यक्ति ने थाना डीएलएफ फेज-1 में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 30 और 31 अगस्त की रात उसकी गैरमौजूदगी में अज्ञात व्यक्ति घर से आभूषण और नकदी चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

अपराध शाखा ने दो आरोपियों को पकड़ा

मामले की जांच के दौरान अपराध शाखा सेक्टर-43 की टीम ने कार्रवाई करते हुए 9 सितंबर को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनकी पहचान नीतीश (22) निवासी मधुबनी, बिहार, हाल चक्करपुर, गुरुग्राम और मनीष उर्फ रोहित (20) निवासी बाराबंकी, उत्तर प्रदेश, हाल डीएलएफ फेज-1, गुरुग्राम के रूप में हुई है।

सफाई का काम करते थे आरोपी

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी शिकायतकर्ता के घर पर साफ-सफाई का काम करते थे। घर और वहां रखे सामान की जानकारी होने के कारण दोनों ने मौका पाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

19.66 लाख रुपये और आभूषण बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई 19 लाख 66 हजार 400 रुपये की नकदी और आभूषण बरामद कर लिए हैं। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई जारी है।