गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई जबरदस्त मुठभेड़ में एक अपराधी मारा गया है और दूसरा घायल हुआ है। बता दें कि, हरियाणवी सिंगर राहुल फाजिलपुरिया के इवेंट ऑर्गेनाइजर सौरभ के घर पर अंधाधुंध फायरिंग की गई थी। पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम आरोपियों को गिरफ्तार कर जांच के लिए ले जा रही थी, तभी यह मुठभेड़ हुई।

निशानदेही के दौरान हुई क्रॉस फायरिंग

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, मृतक बदमाश की पहचान 23 वर्षीय गुरशेर सिंह उर्फ शेरा के रूप में हुई है। उसका साथी 28 वर्षीय जसपाल उर्फ बबल को गोली लगी है, और इलाज के लिए अस्पताल में एडमिट है।यह दोनों आरोपी पंजाब के तरन तारन जिले के गांव नौने के निवासी थे। पुलिस टीम जब आरोपियों को लेकर वारदात वाली जगह की निशानदेही के लिए पहुंची, तो बदमाशों ने भागने की कोशिश की। इतना ही इन्होंने पुलिस पर गोलियां भी चलाई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में शेरा को गोली लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

क्या था पूरा मामला

गौरतलब है कि, 2 मई की रात बदमाशों ने इवेंट ऑर्गेनाइजर सौरभ के घर के बाहर फायरिंग की थी। इस हमले में सौरभ की सुरक्षा में तैनात हरियाणा पुलिस के जवान कुलबीर को गोली लगी थी। इस वारदात के बाद से ही गुरुग्राम पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें शूटरों की तलाश में जुटी थीं। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद इन दोनों आरोपियों को पंजाब से दबोचा था।

पुलिस की बड़ी कार्रवाई

मुठभेड़ के बाद घायल बदमाश जसपाल को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इन बदमाशों का संबंध पंजाब के बड़े गिरोहों से हो सकता है। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि फायरिंग के पीछे मुख्य मास्टरमाइंड कौन था और इसके लिए कितनी रकम दी गई थी। इस एनकाउंटर के बाद पुलिस ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है