गुरुग्राम, 1 सितंबर। अमेरिकी नागरिकों को Apple कस्टमर सर्विस के नाम पर डराकर साइबर ठगी करने वाले फर्जी कॉल सेंटर का गुरुग्राम पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। साइबर क्राइम पश्चिम थाना पुलिस ने पालम विहार के जे ब्लॉक स्थित प्लॉट नंबर 1208 में छापेमारी कर 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने मौके से 9 लैपटॉप, 20 मोबाइल फोन, 2 हेडफोन/माइक, 2 कार, 1 बाइक और 1 स्कूटी बरामद की है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पिछले करीब 2 से 3 महीनों से किराये के मकान में फर्जी कॉल सेंटर चला रहे थे।

Apple कर्मचारी बनकर करते थे विदेशी नागरिकों से बात

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि कॉल सेंटर में काम करने वाले आरोपी अंग्रेजी भाषा में अमेरिकी नागरिकों से Apple कर्मचारी बनकर बातचीत करते थे। आरोपी लोगों को उनके मोबाइल में वायरस आने या किसी तकनीकी समस्या का झांसा देते थे।

इसके बाद पीड़ितों को समस्या ठीक कराने के नाम पर एक वर्चुअल टोल फ्री नंबर पर संपर्क करने के लिए कहा जाता था। इस नंबर के जरिए आरोपियों का फर्जी कस्टमर सर्विस नेटवर्क पीड़ितों से जुड़ जाता था।

फर्जी FTC पत्र दिखाकर डराते थे

पुलिस के अनुसार, आरोपी अमेरिकी नागरिकों को और अधिक डराने के लिए Federal Trade Commission (FTC) का फर्जी पत्र दिखाते थे। इसके जरिए पीड़ितों को यह विश्वास दिलाया जाता था कि उनके डिवाइस या ऑनलाइन गतिविधि से जुड़ी कोई गंभीर समस्या है।

समस्या को ठीक करने और कार्रवाई से बचाने के नाम पर आरोपियों द्वारा पीड़ितों से 10 हजार से 20 हजार अमेरिकी डॉलर तक की रकम मांगी जाती थी। ठगी से प्राप्त रकम को विदेशी बैंक खातों में ट्रांसफर किया जाता था।

पुलिस ने उपकरण और वाहन किए जब्त

साइबर अपराध पश्चिम थाना पुलिस ने कार्रवाई के दौरान मौके से 9 लैपटॉप, 20 मोबाइल फोन, 2 हेडफोन/माइक, 2 कार, 1 बाइक और 1 स्कूटी बरामद की है।

पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच में फर्जी कॉल सेंटर से जुड़े अन्य लोगों, ठगी के नेटवर्क और विदेशी बैंक खातों में भेजी गई रकम से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m