Gurugram Firing Case : गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम में श्मशान घाट पर हुई कहासुनी के बाद एक परिवार पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने उसी दिन शाम को गांव गढ़ी बाजिदपुर में परिवार के घर के पास पहुंचकर गोलियां चलाईं। मामले में अपराध शाखा सेक्टर-17 की टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से रिवॉल्वर भी बरामद की गई है।
पुलिस के मुताबिक, 20 अक्टूबर को शिकायतकर्ता की ताई का निधन हो गया था। परिवार के सदस्य अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट पहुंचे थे। वहां कुछ युवक नशा कर रहे थे। परिवार के लोगों ने उन्हें वहां से जाने के लिए कहा तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि युवकों ने परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।
इसके बाद उसी दिन शाम करीब 6 बजे आरोपी अपने 2-3 साथियों के साथ गांव गढ़ी बाजिदपुर में शिकायतकर्ता के घर के पास पहुंचा। आरोपियों ने घर पर गोलियां चलाईं। फायरिंग के दौरान घर की दीवारों और खिड़कियों को भी निशाना बनाया गया।
फ्लाईओवर के पास से आरोपी गिरफ्तार
मामले की जांच करते हुए अपराध शाखा सेक्टर-17 की टीम ने 6 नवंबर को पटौदी रोड फ्लाईओवर के पास से जयवीर (32) को गिरफ्तार किया। आरोपी गांव खेड़ला, गुरुग्राम का रहने वाला है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक रिवॉल्वर बरामद की है।
पहले से दर्ज हैं चार आपराधिक मामले
पुलिस जांच में सामने आया कि जयवीर के खिलाफ हत्या, मारपीट और आर्म्स एक्ट समेत चार आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। मामले की जांच की जा रही है।

