गुरुग्राम। इफको चौक मेट्रो स्टेशन पर तैनात CISF की महिला कर्मी का पीछा कर परेशान करने और उसकी ड्यूटी पोस्ट से कथित तौर पर मोबाइल फोन छीनने के मामले में मेट्रो थाना पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर महिला और उसके परिवार को धमकी देने तथा सरकारी कार्य में बाधा डालने का भी आरोप है। पुलिस ने उसे 13 अक्टूबर को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया।
ड्यूटी पोस्ट से मोबाइल छीनने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, महिला CISF कर्मी ने शिकायत में बताया कि मनीष कुमार काफी समय से उसका पीछा कर उसे परेशान कर रहा था। आरोप है कि 26 सितंबर को वह इफको चौक मेट्रो स्टेशन स्थित उसकी ड्यूटी पोस्ट पर पहुंचा और जबरन मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गया. शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी उसे और उसके परिवार को धमकियां दे रहा था। शिकायत के आधार पर मेट्रो थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
राजस्थान के करौली का रहने वाला है आरोपी
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 13 अक्टूबर को आरोपी को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया। उसकी पहचान राजस्थान के करौली जिले के गांव बासिया गढ़, मढ़ौरा जमूरा निवासी मनीष कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ गुरुग्राम में पहले भी छेड़छाड़ और गाड़ी तोड़ने से जुड़े मामले दर्ज हैं।
पुलिस जांच जारी
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और जांच जारी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
