सुशीला देवी. अपराधियों और अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कसते हुए गुरुग्राम पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। अपराध शाखा मानेसर की टीम ने सेक्टर-09 में नगर निगम की करीब 200 वर्ग गज जमीन पर अवैध रूप से बनाई गई प्लास्टिक फैक्ट्री को ध्वस्त करा दिया। पुलिस के मुताबिक, इस अवैध निर्माण की अनुमानित कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपये थी।
पुलिस के अनुसार, प्रताप नगर निवासी विनय बाजवा द्वारा नगर निगम की जमीन पर कथित रूप से अवैध प्लास्टिक फैक्ट्री संचालित की जा रही थी। यहां पॉलिथीन बेचने का कारोबार किया जा रहा था। पुलिस का दावा है कि आरोपी पूर्व में भी अवैध गतिविधियों में संलिप्त रहा है और अपराध करने वाली गैंग को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की बात सामने आई है।
अपराध शाखा मानेसर ने अवैध फैक्ट्री को चिन्हित करने के बाद नगर निगम अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। बुधवार को नगर निगम के एसडीओ पवन कुमार और अपराध शाखा मानेसर की पुलिस टीम संयुक्त रूप से मौके पर पहुंची। इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को ध्वस्त कराया गया। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा और पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
पुलिस का कहना है कि अवैध कब्जे और गैरकानूनी गतिविधियों के जरिए अपराध को आर्थिक मजबूती देने वालों पर अब और सख्ती की जाएगी। गुरुग्राम पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि सरकारी जमीन पर कब्जा कर अवैध कारोबार चलाने या अपराधियों को आर्थिक मदद पहुंचाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
- CAF जवान का अपहरण कर बनाया बंधक, मारपीट कर स्टाम्प पेपर पर कराया हस्ताक्षर, महिला और ड्राइवर गिरफ्तार
- अजगर में कैंसर का ऑपरेशन: साढ़े तीन घंटे चली सर्जरी, मुंह से निकाली गांठ, वन्यजीव विशेषज्ञ ने बचाई जान
- खंडवा में अभिनेता रघुवीर यादव को मिला राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने की तारीफ
- वरदान हॉस्पिटल में आयुष्मान योजना में गड़बड़ी: बोगस मरीजों और अनावश्यक ICU में भर्ती का खुलासा, स्वास्थ्य विभाग ने 3 दिन में मांगा जवाब
- हिसार में 24 अक्टूबर को सजेगी ‘DESIVERSE’ म्यूजिकल नाइट, परमीश वर्मा करेंगे लाइव परफॉर्मेंस

