Gurugram Illegal Weapon Supply : गुरुग्राम। गुरुग्राम पुलिस की अपराध शाखा सोहना ने अवैध हथियारों की सप्लाई करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान राशीद उर्फ मुंडल निवासी जिला नूंह के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे 6 नवंबर को राजीव चौक से गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि आरोपी ने एक युवक को 3500 रुपये में देशी कट्टा बेचा था।
पुलिस के अनुसार, 25 अक्टूबर को अपराध शाखा सोहना की टीम ने इंद्री मोड़ के पास से मुनताज उर्फ मुंती (22) निवासी गांव गोहपुर, जिला पलवल को गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ था। इस मामले में थाना शहर सोहना में आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था।
पूछताछ में सामने आया हथियार सप्लायर का नाम
पुलिस पूछताछ में मुनताज ने बताया कि उसने यह अवैध कट्टा नूंह से 3500 रुपये में खरीदा था। इसके बाद पुलिस ने हथियार बेचने वाले की तलाश शुरू की। जांच के आधार पर पुलिस टीम ने 6 नवंबर को राजीव चौक गुरुग्राम से राशीद उर्फ मुंडल को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी पर पहले से दर्ज हैं तीन मुकदमे
पुलिस जांच में पता चला कि राशीद का आपराधिक रिकॉर्ड भी है। उसके खिलाफ गुरुग्राम और नूंह में शस्त्र अधिनियम और छीना-झपटी समेत अलग-अलग धाराओं में तीन मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

