सुशीला देवी गुडगांव।फर्रूखनगर थाना क्षेत्र के गांव कारौला में पुरानी रंजिश के चलते घर में घुसकर मारपीट और गोली चलाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई एक स्कॉर्पियो गाड़ी भी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार 6 अगस्त को कारौला गांव में मारपीट और गोली चलने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि घायलों को अस्पताल ले जाया गया है। अस्पताल में सागर नामक युवक को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि उसका भाई भी हमले में गंभीर रूप से घायल हुआ था।
शिकायत के मुताबिक 3 अगस्त को शिकायतकर्ता की सचेत उर्फ मुन्ना से कहासुनी हुई थी। इसके बाद दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया। 6 अगस्त को सागर बेंगलुरु से पटौदी पहुंचा था। उसका भाई उसे लेकर घर जा रहा था। आरोप है कि कुछ कार सवारों ने उनका पीछा किया और घर में घुसकर लाठी-डंडों व हथियारों से हमला कर दिया। इसी दौरान सागर को गोली मार दी गई।
अपराध शाखा फर्रूखनगर ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को आजादगढ़, रोहतक से गिरफ्तार किया। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि रंजिश के चलते हमले की पूर्व योजना बनाई गई थी। गिरफ्तार आरोपियों में सचेत उर्फ मुन्ना समेत झज्जर, सोनीपत और गुरुग्राम के निवासी शामिल हैं। पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


