सुशीला देवी, गुरुग्राम। गुरुग्राम पुलिस की सतर्कता और संवेदनशीलता के चलते एक गुमशुदा नाबालिग बच्ची को सुरक्षित उसके परिजनों से मिलवा दिया गया। करीब 10 वर्षीय बालिका सदफ़ देवीलाल पार्क के पास लावारिस हालत में मिली। सूचना मिलते ही पुलिस ईआरवी-301 की टीम ने बच्ची को अपनी सुरक्षा में लिया और उसे थाना सेक्टर-53 पहुंचाया।

थाने में तैनात महिला सहायक उप निरीक्षक रेखा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बच्ची के परिजनों की तलाश शुरू की। बच्ची से मिली जानकारी और पुलिस की तत्परता के चलते उसके माता-पिता का पता लगाया गया। जांच में पता चला कि बच्ची के पिता इरफान अहमद और माता फरहाना मूल रूप से बिजनौर (उत्तर प्रदेश) के निवासी हैं और वर्तमान में गुरुग्राम में रह रहे हैं।

सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद बच्ची सदफ़ को सकुशल उसके माता-पिता के हवाले कर दिया गया। अपनी बेटी को सुरक्षित पाकर परिजनों के चेहरे पर खुशी लौट आई और उन्होंने गुरुग्राम पुलिस का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर गुरुग्राम पुलिस ने आमजन से अपील की कि वे अपने बच्चों का विशेष ध्यान रखें। यदि कोई बच्चा गुमशुदा, लावारिस या सहायता की आवश्यकता में दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते उसकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। पुलिस की इस मानवीय पहल ने एक परिवार को फिर से मुस्कुराने का अवसर दिया।