सुशीला देवी, गुडगांव। गुरुग्राम के सेक्टर-71 इलाके में युवक की बेरहमी से हत्या करने के मामले में पुलिस ने दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। थाना बादशाहपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सौम्य जैन (18.5 वर्ष) निवासी गढ़ी हरसरू को दिल्ली के नांगलोई क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। इससे पहले मामले में रवि बघेल को गिरफ्तार किया जा चुका है।

बिजली पोल के अंदर मिला था शव

पुलिस के अनुसार 17 मई 2026 को सूचना मिली थी कि सिग्नेचर ग्लोबल और यूनिटेक बिल्डिंग के बीच खाली पड़े बिजली पोल के अंदर एक युवक का शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस को युवक मृत अवस्था में मिला, जिसके गले में गमछा बंधा हुआ था। फिंगरप्रिंट टीम, क्राइम यूनिट और डॉग स्क्वायड ने मौके से अहम साक्ष्य जुटाए।

पुरानी रंजिश में की गई हत्या

मृतक की पहचान गढ़ी हरसरू निवासी अमन के रूप में हुई। परिजनों ने बताया कि अमन 16 मई को दोस्तों के साथ घर से गया था। बाद में जानकारी मिली कि उसके साथ मारपीट हुई है।

पुलिस जांच में सामने आया कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने अमन के साथ पहले मारपीट की, फिर गमछे से गला दबाकर और पत्थरों से हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी को रिमांड पर लेकर अन्य साथियों और वारदात से जुड़े पहलुओं की गहन जांच कर रही है।