रोहित गोदारा और लिपिन नेहरा गिरोह से जुड़े छह आरोपी गिरफ्तार, चार विदेशी पिस्टल समेत भारी मात्रा में असलहा जब्त
सूशीला देवी, गुड़गांव। गुरुग्राम पुलिस की अपराध शाखा सोहना ने रोहित गोदारा और लिपिन नेहरा गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पुरानी रंजिश के चलते विरोधी गैंग के दो सदस्यों की हत्या करने की तैयारी में थे। पुलिस की समय रहते हुई कार्रवाई से हत्या की संभावित वारदात को टाल दिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 40 लाख रुपये कीमत के चार विदेशी पिस्टल, दो देसी पिस्टल, एक राइफल, 33 जिंदा कारतूस, नौ मैगजीन और एक स्कॉर्पियो गाड़ी बरामद की है। बरामद विदेशी हथियारों में एक जिगाना और तीन PX30 पिस्टल शामिल हैं।
छह आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सलीम निवासी हरियाहेड़ा, सोहना, मोहित निवासी मान्दक टप्पल, अलीगढ़, नरेंद्र उर्फ सोनू निवासी अलीपुर, सोहना, ललित निवासी रानियावास, कोटकासिम, अलवर, दयाराम निवासी भूड़का, बिलासपुर और आर्यन उर्फ रितेश निवासी जटवाड़ा, सालावास, झज्जर के रूप में हुई है।
पुलिस ने 19 अगस्त को अलीपुर मोड़, भोंडसी क्षेत्र से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर दयाराम और आर्यन को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुरानी रंजिश में हत्या की तैयारी
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पुरानी रंजिश के चलते विरोधी पक्ष के दो लोगों को निशाना बनाने की तैयारी कर रहे थे। इसके लिए हथियार जुटाए गए थे और वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई जा रही थी। पुलिस ने समय रहते कार्रवाई कर साजिश को नाकाम कर दिया।
जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह के सदस्य सोशल मीडिया और अन्य संचार माध्यमों के जरिए विदेश में बैठे अपने सहयोगियों के संपर्क में रहते थे। रंगदारी वसूली, हथियारों की व्यवस्था और शूटर्स के माध्यम से वारदात को अंजाम देने जैसी योजनाओं पर भी काम किया जा रहा था।
आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं कई मामले
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार नरेंद्र के खिलाफ 21, सलीम के खिलाफ 10, दयाराम के खिलाफ 5, आर्यन के खिलाफ 4 और मोहित के खिलाफ 2 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इन मामलों में हत्या, हत्या का प्रयास, रंगदारी, लूट, धमकी और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं।
पुलिस अब मामले की आगे जांच करते हुए गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों, हथियार सप्लायरों और शूटर्स की तलाश में जुटी है। साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि बरामद हथियार कहां से लाए गए थे और इनके जरिए किन वारदातों को अंजाम देने की योजना बनाई गई थी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


