सुशीला देवी, गुरुग्राम। गुरुग्राम पुलिस ने अपराधियों और भूमि माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को नाहरपुर रूपा क्षेत्र में एक कथित अवैध निर्माण को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। पुलिस के मुताबिक, यह निर्माण आदतन अपराधी कृष्ण का था। कार्रवाई के दौरान पुलिस बल तैनात रहा और संबंधित विभागों के सहयोग से अवैध संरचना को हटाया गया।
पुलिस के अनुसार, नाहरपुर रूपा निवासी कृष्ण के खिलाफ गुरुग्राम में हत्या, हत्या के प्रयास और शस्त्र अधिनियम समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में 11 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसे चिन्हित कर उसके कथित अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई की।

यह अभियान अपराध शाखा सेक्टर-39 की टीम ने संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर चलाया। पुलिस की निगरानी में निर्माण हटाने की कार्रवाई पूरी की गई। इस दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस के अनुसार, अभियान के तहत भूमि को मूल स्वरूप में बहाल कराया गया।
गुरुग्राम पुलिस ने कहा कि अपराधियों और अवैध निर्माण से जुड़े मामलों में आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस का कहना है कि ऐसे अभियानों का उद्देश्य सार्वजनिक भूमि की सुरक्षा करना और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


