सुशीला देवी, गुरुग्राम। गुरुग्राम में लूट की वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे तीन हथियारबंद आरोपियों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। अपराध शाखा सेक्टर-65 की टीम ने मुठभेड़ के बाद तीनों आरोपियों को काबू कर लिया। इस दौरान आरोपियों की फायरिंग में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया, जबकि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो आरोपियों के पैरों में गोली लगी।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 136 ग्राम MDMA नशीला पदार्थ, एक पिस्टल, एक देशी कट्टा और एक खाली खोल बरामद किया है। पकड़े गए आरोपियों में एक इनामी नशा तस्कर भी शामिल है।


पुलिस के अनुसार, 9 अक्टूबर की रात अपराध शाखा सेक्टर-65 की टीम को सूचना मिली थी कि तीन व्यक्ति हथियारों के साथ लूट की वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। इसके बाद पुलिस ने नंगली उमरपुर से सेक्टर-62 की ओर जाने वाले रास्ते पर नाकाबंदी कर जांच शुरू की। रात करीब 11 बजे बाइक पर सवार तीन संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो वे भागने लगे और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।


आरोपियों ने कुल छह गोलियां चलाईं, जिनमें एक गोली पुलिस वाहन पर लगी और एक पुलिसकर्मी की बाजू में जा लगी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में तीन गोलियां चलाईं, जिससे दो आरोपी घायल हो गए। मुठभेड़ में कुल नौ गोलियां चलीं।


पकड़े गए आरोपियों की पहचान मार्फत उर्फ मारू (32), फूल बाबू शेख (26) और श्रीकुल शेख (37) के रूप में हुई है। तीनों पश्चिम बंगाल के निवासी हैं। फूल बाबू शेख पर एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में गुरुग्राम पुलिस ने इनाम घोषित किया हुआ था।


पुलिस के मुताबिक, मार्फत पर चार, फूल बाबू पर दो और श्रीकुल पर एनडीपीएस एक्ट के तहत एक आपराधिक मामला दर्ज है। तीनों के खिलाफ थाना सेक्टर-65 में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। घायल आरोपियों और पुलिसकर्मी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, घायल आरोपियों को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद गिरफ्तार किया जाएगा। मामले की जांच जारी है।