गुरुग्राम। गुरुवार सुबह से हो रही मूसलाधार बारिश के बीच जहां शहर की कई सड़कों पर जलभराव और धीमे यातायात की स्थिति बनी रही, वहीं गुरुग्राम पुलिस ने हालात को संभालने के लिए पूरी मुस्तैदी दिखाई। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर सभी थाना प्रभारियों (SHO) समेत पुलिस अधिकारी और जवान सुबह से ही सड़कों पर उतर आए और प्रमुख चौराहों, अंडरपास तथा व्यस्त मार्गों पर ट्रैफिक व्यवस्था संभालने में जुट गए।
लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में वाहनों की रफ्तार धीमी रही, लेकिन पुलिसकर्मियों ने मौके पर मौजूद रहकर यातायात को नियंत्रित किया और जाम की स्थिति को बढ़ने नहीं दिया। शहर के विभिन्न हिस्सों में यातायात व्यवस्था सामान्य बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया।
जहां कहीं जलभराव या अन्य कारणों से यातायात प्रभावित हुआ, वहां पुलिस टीमों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला और वाहनों की आवाजाही को सुचारू कराया। पुलिसकर्मियों ने बारिश के बीच सड़कों पर तैनात रहकर लोगों को सुरक्षित आवागमन में मदद की।
गुरुग्राम पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि बारिश के दौरान धैर्य बनाए रखें, सुरक्षित दूरी बनाकर वाहन चलाएं और ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें। विपरीत मौसम के बावजूद सड़क पर डटे पुलिसकर्मियों की तत्परता और कर्तव्यनिष्ठा ने एक बार फिर साबित किया कि नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


