सुशीला देवी, गुरुग्राम। अपराध और अवैध कब्जों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही Gurugram Police ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए आदतन अपराधी की अवैध डेयरी और कब्जे पर बुलडोजर चला दिया।

पुलिस और जिला प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई में ओम विहार फेज-1 स्थित करीब 200 वर्ग गज जमीन पर किए गए अवैध निर्माण को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार आरोपी विकास निवासी नाथूपुर लंबे समय से अवैध शराब कारोबार में सक्रिय था। उसके खिलाफ एक्साइज एक्ट के तहत छह मामले दर्ज हैं। जांच में सामने आया कि आरोपी ने अवैध रूप से डेयरी बनाकर वहां से शराब बेचने का अड्डा तैयार कर रखा था।

यह कार्रवाई अपराध शाखा पालम विहार की टीम ने खुफिया सूचना के आधार पर की। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी मशीनों से अवैध निर्माण हटाया गया और जमीन को उसके मूल स्वरूप में बहाल किया गया।

गुरुग्राम पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि शहर में अपराध, अवैध कब्जे और माफिया गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आने वाले दिनों में ऐसे अभियान और तेज किए जाएंगे।