गुरुग्राम। शहर की बिगड़ती हवा और सड़कों पर उड़ती धूल पर लगाम लगाने के लिए नगर निगम गुरुग्राम (MCG) ने सख्ती बढ़ा दी है। वायु प्रदूषण और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए निगम ने 1 अप्रैल से 17 अक्टूबर के बीच कुल 588 चालान काटे हैं। निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने प्रदूषण नियंत्रण को लेकर हुई समीक्षा बैठक में अधिकारियों को साफ निर्देश दिए हैं कि शहर के प्रमुख प्रदूषण हॉटस्पॉट चिह्नित कर नियमित निगरानी रखी जाए और नियमों की अनदेखी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।

सबसे ज्यादा चालान C&D वेस्ट और बिना ढके वाहनों के

निगम अधिकारियों के मुताबिक, इन 7 महीनों में की गई कार्रवाई के तहत सबसे अधिक 278 चालान निर्माण एवं विध्वंस (C&D) कचरा फैलाने वालों के खिलाफ किए गए हैं। इसके अलावा, बिना ढके निर्माण सामग्री और मिट्टी ढोने वाले वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 173 चालान काटे गए हैं। खुले में कचरा जलाने और नियमों का पालन न करने वालों पर भी लगातार जुर्माना लगाया जा रहा है। निगम का मुख्य उद्देश्य निर्माण स्थलों पर धूल उड़ने से रोकना और शहर के वायु प्रदूषण स्तर को नियंत्रित करना है।

396 किमी सड़कों के विकास का लक्ष्य, दिसंबर तक काम पूरा करने की तैयारी

बैठक में यह भी सामने आया कि वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) के निर्देशों के तहत शहर में कुल 396 किलोमीटर लंबी सड़कों के विकास और सौंदर्यीकरण का लक्ष्य रखा गया है। इसमें से अब तक 198.74 किलोमीटर सड़कों का काम पूरा हो चुका है, जो कि कुल लक्ष्य का लगभग आधा है। शेष सड़कों के निर्माण और सुधार कार्य को दिसंबर के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। धूल कम करने के लिए प्रमुख सड़कों पर मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनों के कामकाज की रात में जांच होगी और आवश्यकतानुसार पानी का छिड़काव भी कराया जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m