गुरुग्राम। प्रॉपर्टी टैक्स जमा नहीं कराने वाले बकायेदारों के खिलाफ नगर निगम ने सख्ती बढ़ा दी है। बुधवार को जोन-3 की टीम ने पांच संपत्तियों को सील कर दिया। इन संपत्तियों पर कुल 1.52 करोड़ रुपये का प्रॉपर्टी टैक्स बकाया है। निगम ने साफ किया है कि बकाया राशि की वसूली के लिए नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

इन इलाकों में सील की गईं संपत्तियां

नगर निगम की टीम ने प्रॉपर्टी टैक्स की वसूली सुनिश्चित करने के लिए यह कार्रवाई की। सील की गई संपत्तियां सेक्टर-37बी, गांव गाडौली खुर्द और सेक्टर-9बी में स्थित हैं। निगम ने संबंधित संपत्ति मालिकों से बकाया कर जमा कराने को कहा है।

बकाया नहीं चुकाया तो आगे भी होगी कार्रवाई

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, प्रॉपर्टी टैक्स शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं के लिए राजस्व का महत्वपूर्ण स्रोत है। इससे मिलने वाली राशि का इस्तेमाल जरूरी विकास कार्यों और सुविधाओं पर किया जाता है।

निगम ने संपत्ति मालिकों से समय पर टैक्स जमा कराने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी है कि बकाया राशि जमा नहीं कराने वाले अन्य मामलों में भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।