गुरुग्राम में 94 फ्लैट के नाम पर 242 लोगों से करोड़ों की ठगी करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया है। वह देश छोड़कर भागने की कोशिश में था।
सुशीला देवी, गुरुग्राम। पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा-1 (EOW) ने फ्लैट दिलाने के नाम पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले एक वांछित आरोपी को दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी 33 वर्षीय अनुभव है, जो दिल्ली के मोहन गार्डन का निवासी है और इस धोखाधड़ी के मुख्य आरोपी ईशपाल भारद्वाज का पुत्र है। पुलिस के अनुसार, सेक्टर-55 स्थित ‘सुनहरा अपना घर सोसायटी’ में फ्लैट का झांसा देकर सैकड़ों लोगों से भारी धनराशि वसूली गई थी, लेकिन न तो खरीदारों को फ्लैट मिले और न ही उनके पैसे वापस किए गए। यह कार्रवाई पुलिस की एक बड़ी कामयाबी मानी जा रही है, जो लंबे समय से आरोपियों की तलाश कर रही थी।
फर्जीवाड़े का खेल और ठगी
जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि उक्त सोसायटी में केवल 94 फ्लैट ही उपलब्ध थे, जबकि आरोपियों ने 242 लोगों से पैसे लेकर उन्हें अपना शिकार बनाया। अनुभव ने अपने पिता और अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर सोसायटी के नाम पर एक फर्जी बैंक खाता खुलवाया और उसी में सारा पैसा जमा करवाकर गबन कर लिया। यही नहीं, आरोपियों ने सोसायटी बेचने के बहाने फर्जी एमओयू (MOU) तैयार कर लोगों से लाखों रुपये और अतिरिक्त ऐंठ लिए। पुलिस ने बताया कि आरोपी ईशपाल और उसके साथियों का नेटवर्क काफी फैला हुआ था, जिसकी गहराई से जांच की जा रही है ताकि पीड़ित लोगों की राशि की रिकवरी सुनिश्चित की जा सके।
एयरपोर्ट पर धरे गए आरोपी
आरोपी अनुभव के खिलाफ पुलिस ने पहले ही लुकआउट सर्कुलर जारी कर दिया था, ताकि वह देश से बाहर न भाग सके। 8 जून को जैसे ही वह इंडोनेशिया भागने के उद्देश्य से दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचा, सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता और पुलिस के इनपुट के कारण उसे दबोच लिया गया। इस पूरे मामले में अब तक कुल छह आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिससे ठगी का यह बड़ा रैकेट अब पूरी तरह से बेनकाब हो गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बाकी बचे फरार साथियों की तलाश में छापेमारी जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। सभी आरोपियों पर कानून के तहत कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

